< Back
खेल
Hockey India Awards

Hockey India Awards

खेल

Hockey India Awards: हरमनप्रीत और सविता ने जीते प्रतिष्ठित पुरस्कार, 1975 विश्व कप विजेता टीम को मिला ख़ास इनाम...

Rashmi Dubey
|
16 March 2025 2:33 PM IST

Hockey India Awards : भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और अनुभवी महिला गोलकीपर सविता पुनिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हॉकी इंडिया के सातवें वार्षिक पुरस्कार समारोह में क्रमश: वर्ष का सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी और वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का पुरस्कार जीता। इस अवसर पर 15 मार्च को कुआलालंपुर में पचास साल पहले भारत को पहला और एकमात्र विश्व कप दिलाने वाली भारतीय टीम को भी सम्मानित किया गया । इन्हें अजितपाल सिंह की कप्तानी में ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया गया।

हरमनप्रीत सिंह ने किये थे 10 गोल

हॉकी इंडिया ने यह भव्य समारोह भारत की ऐतिहासिक विश्व कप जीत के 50 साल और भारतीय हॉकी के सौ साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया। पिछले साल पेरिस ओलंपिक में दस गोलों के साथ भारत को लगातार दूसरा ओलंपिक कांस्य पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह ने इस अवसर पर कहा, "यह पुरस्कार मेरे लिए बहुत मायने रखते हैं और मुझे उम्मीद है कि यह युवाओं को प्रेरित करेगा। मैं उन्हें बस यही संदेश देना चाहता हूं कि नतीजों का दबाव लिए बिना अपनी मेहनत में निरंतरता बनाए रखें।"

हरमनप्रीत का देश के लिए संदेश

हरमनप्रीत सिंह ने पुरस्कार प्राप्त करने के बाद कहा, "इतने महान खिलाड़ियों के बीच इस खास दिन पर यह पुरस्कार पाना मेरे लिए बहुत गर्व की बात है। हम पूरी टीम मिलकर कोशिश करेंगे कि अगले साल विश्व कप में भारत को एक और खिताब दिलाएं।" यह पुरस्कार उन्हें तीन बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता दिवंगत बलबीर सिंह सीनियर के नाती कबीर सिंह भोमिया, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की और महासचिव भोलानाथ सिंह द्वारा प्रदान किया गया।

पुरस्कार मुझे और मेहनत करने की प्रेरणा देगा: सविता पुनिया

पुरस्कार के तहत हरमनप्रीत सिंह और सविता पुनिया को एक ट्रॉफी और 25-25 लाख रुपये दिए गए। तीसरी बार पुरस्कार जीतने वाली पूर्व कप्तान सविता ने एक वीडियो संदेश के जरिए कहा, "यह पुरस्कार मुझे और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित करेगा। यह मेरे साथी खिलाड़ियों को समर्पित है।" टोक्यो ओलंपिक 2021 में ऐतिहासिक चौथे स्थान पर रहने वाली भारतीय टीम की सदस्य और हाल ही में अपना 300वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली सविता को वर्ष की सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर के लिए बलजीत सिंह पुरस्कार भी मिला।


अमित रोहिदास और अभिषेक को पुरस्कारों से किया गया सम्मानित

सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर का परगट सिंह पुरस्कार अमित रोहिदास को मिला, जबकि सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर का अजितपाल सिंह पुरस्कार हार्दिक सिंह ने प्राप्त किया। सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड का धनराज पिल्लै पुरस्कार अभिषेक को दिया गया। वर्ष 2024 की सर्वश्रेष्ठ अंडर 21 महिला खिलाड़ी का असुंथा लाकड़ा पुरस्कार ड्रैग फ्लिकर दीपिका को मिला, जबकि पुरुष वर्ग में जुगराज सिंह पुरस्कार अराइजीत सिंह हुंडल को दिया गया। इन पुरस्कारों ने इन खिलाड़ियों के अद्वितीय योगदान और प्रदर्शन को सराहा।

टीम इंडिया को मिली सराहना

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने पेरिस ओलंपिक 2024 में लगातार दूसरा कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम को सम्मानित किया। प्रत्येक खिलाड़ी को 15 लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ को 7.5 लाख रुपये के चेक दिए गए। हॉकी इंडिया ने इस वर्ष कुल पुरस्कार राशि बढ़ाकर 12 करोड़ रुपये कर दी थी। इसके अलावा, हरमनप्रीत सिंह को वर्ष 2024 का एफआईएच पुरुष खिलाड़ी का पुरस्कार और अब खेल को अलविदा ले चुके पीआर श्रीजेश को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार प्राप्त हुआ, जो उनकी व्यक्तिगत उपलब्धियों को सम्मानित करने के रूप में दिया गया।

इन खिलाड़ियों को भी मिला विशेष सम्मान और पुरस्कार

दीपिका को बिहार के राजगीर में आयोजित महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में सर्वाधिक गोल करने, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहने और मस्कट में जूनियर एशिया कप में सर्वाधिक गोल करने के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, हरमनप्रीत सिंह को चीन में हुई पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार मिला, जबकि अराइजीत सिंह को मस्कट में जूनियर एशिया कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब दिया गया। इस मौके पर एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी और जूनियर एशिया कप जीतने वाली भारतीय महिला और पुरुष दोनों टीमों को भी पुरस्कार से नवाजा गया।

Similar Posts