< Back
खेल
National Games

National Games

खेल

National Games: राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा का दबदबा, तीरंदाजी में पुरुष और महिला टीम ने जीता स्वर्ण

Rashmi Dubey
|
8 Feb 2025 2:44 PM IST

Haryana Archery Team: राष्ट्रीय खेलों की तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में हरियाणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष और महिला इंडियन राउंड टीम स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। पुरुष टीम स्पर्धा में हरियाणा के यशु, आशीष मलिक, राहुल और रवि की चौकड़ी ने बेहतरीन निशानेबाजी करते हुए स्वर्ण पदक जीता।

उत्तर प्रदेश की टीम ( शुभम, मनीष, जयदीप कुशवाहा और अभिषेक शामिल थे) ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद रजत पदक अपने नाम किया। वहीं महाराष्ट्र के गौरव संजयराव चंदाने, रोशन नारायण सोलंकी, अनिकेत महेंद्र गावड़े और पवन सदनराव जाधव ने कांस्य पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।

मणिपुर को रजत और छत्तीसगढ़ को कांस्य

राष्ट्रीय खेलों की तीरंदाजी प्रतियोगिता में हरियाणा की महिला टीम ने अपना दबदबा बरकरार रखते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। निकिता, दिव्या, मोनिका और काजल की शानदार तीरंदाजी ने हरियाणा को शीर्ष स्थान दिलाया।

मणिपुर की टीम (लाईफ्राकपम रोजिना देवी, मोइरांगथेम बेबी देवी, मिलेनिया थोकचोम और हेइक्रुजम रोशिना देवी) ने रजत पदक अपने नाम किया। वहीं छत्तीसगढ़ की चांदनी साहू, सुलोचना राज, सुशीला नेताम और हर्षिता साहू की टीम ने कांस्य पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपना प्रभाव छोड़ा।

लवलीना ने जीता स्वर्ण, सेना पदक तालिका में शीर्ष पर

टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता असम की लवलीना बोरगोहेन ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। उनकी इस जीत ने एक बार फिर उनकी उत्कृष्टता को साबित किया।

वहीं सेना ने राष्ट्रीय खेलों में शुक्रवार को दमदार प्रदर्शन करते हुए 10 स्वर्ण पदक अपने नाम किए, जिससे वह पदक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई। इनमें से सात स्वर्ण पदक सेना ने पिथौरागढ़ में आयोजित मुक्केबाजी स्पर्धाओं में हासिल किए, जिससे उसकी बढ़त और मजबूत हो गई।

Similar Posts