< Back
छत्तीसगढ़
बीजापुर-तेलंगाना बॉर्डर पर जवानों ने 1000 से ज्यादा नक्सलियों को घेरा, पांच को किया ढेर
छत्तीसगढ़

CG Naxalites Killed: बीजापुर-तेलंगाना बॉर्डर पर जवानों ने 1000 से ज्यादा नक्सलियों को घेरा, पांच को किया ढेर

Deeksha Mehra
|
24 April 2025 11:29 AM IST

Five Naxalites Killed in Bijapur Telangana Border Encounter : छत्तीसगढ़। बीजापुर - तेलंगाना की बॉर्डर पर सुरक्षाबल के जवानों ने 1000 से ज्यादा नक्सलियों को घेर लिया है। जानकारी के मुताबिक, पांच हजार से ज्यादा जवान इस ऑपरेशन को अंजाम दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि, अब तक लगभग पांच नक्सलियों को ढेर किया जा चुका है।

बता दें कि, इस मुठभेड़ में छत्तीसगढ़, तेलंगाना और महाराष्ट के जवानों ने मोर्चा संभाला है। अब तक 100 से अधिक आईईडी मिलने की बात सामने आई है, जिन्हें जवानों को निशाना बनाने के मकसद से बिछाया गया था।

जानकारी के मुताबिक, अब तक यह सबसे बड़ा एंटी नक्सल ऑपरेशन माना जा रहा है। यह अभियान जवानों द्वारा बीते 22 अप्रैल की सुबह से चलाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि, लगभग 5 हजार से अधिक जवानों ने माओवादी संगठन के बटालियन नंबर-1 के नक्सलियों को घेर रखा है। यह मुठभेड़ उसूर थाना क्षेत्र के कर्रेगट्टा, नडपल्ली, पुजारी कांकेर की पहाड़ी पर 30 घंटे से जारी है।

सुरक्षा बलों को यहां बड़ी संख्या में नक्सलियों के बड़े कैडर होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद तेलंगाना और छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों से हजारों की संख्या में जवानों को उतारा गया। सीआरपीएफ, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और तेलंगाना से ग्रे हाउंड, महाराष्ट से C 60 के जवान मौके पर हैं। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं है।

नक्सलियों के हमले में दो जवान घायल हो गए हैं, जिन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए रायपुर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि, जवानों के लिए मुठभेड़ स्थल पर हेलीकॉप्टर से पानी और खाना भिजवाया गया है। साथ ही बीजापुर से बड़ी संख्या में जवानों की बैकअप पार्टी को भी भेजा गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहाड़ी इलाकों में जवानों द्वारा डी माइनिंग किया जा रहा है। सुरक्षा बल कर्रेगुट्टा पहाड़ के ऊपर ड्रोन और सैटेलाइट से नजर बनाए हुए हैं। छत्तीसगढ़ की फोर्स के अलावा तेलंगाना से भी ग्रेहाउंडस के जवानों की टीम ने नक्सलियों को घेर कर रखा है।


Similar Posts