< Back
सतना
सतना

सब्बल मारकर देवर ने की भाभी की हत्या, देवरानी से विवाद का बदला लेने अंजाम दी वारदात

Swadesh Satna
|
26 Sept 2023 10:44 PM IST

आरोपी देवर फरार, जांच में जुटी बाबपुर चौकी पुलिस

सतना। देवरानी-जेठानी के विवाद में देवर ने भाभी पर सब्बल से हमला कर हत्या कर दी। मंगलवार की सुबह हुई घटना के संबंध में बाबूपुर चौकी पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है जबकि आरोपी हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार है। मृतिका ममता कोल पति लालवा कोल 40 वर्ष निवासी करसरा है। जबकि हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी देवर का नाम रामकिशोर कोल है। बताया जाता है कि दो सोमवार को ममता का उसकी देवरानी राजकुमारी कोल से विवाद हो गया था। तब परिवार के अन्य सदस्यों ने बीच-बचाव कराकर झगड़ा शांत करा दिया। वहीं मंगलवार की सुबह जब ममता अपनी बकरियों को छोड़ कर लौट रही थी तभी आरोपी रामकिशोर ने बदले की भावना से सब्बल से हमला कर दिया। मृतिका की बेटी ने शोर किया जिसके बाद अन्य लोग मौके पर पहुंचे तब तक आरोपी हत्या करने के बाद फरार हो गया।

क्या थी विवाद की जड़

बताया गया है कि मृतिका की बेटी का विवाह कुछ महीने पहले ही हुआ था। लेकिन ससुराल वालों की प्रताडऩा के कारण वह अपने मायके वापस आ गई। इसी बात को लेकर अक्सर देवरानी के द्वारा तंज कसा जाता था। वहीं विरोध करने पर विवाद करती थी। सोमवार को भी इसी बात को लेकर देवरानी-जेठानी में हाथापाई हो गई थी। इस बात से देवर भड़का हुआ था। बदले की भावना से वह मौका तलाश रहा था। मंगलवार की सुबह सात बजे उसे मौका मिला और उसने हत्या कर दी।

सिर में थी घातक चोट

बताया गया है कि सब्बल के हमले से गंभीर रुप से घायल हुई महिला को एंबुलेंस 108 की मदद से जिला अस्पताल सतना लाया गया। यहां डॉक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। मृतिका के सिर पर घातक चोट लगी थी। पुलिस ने इस मामले में पंचनामा एवं पीएम की कार्रवाई करने के बाद हत्या का केस दर्ज किया है। कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी ने बताया कि इस मामले में हत्या के आरोपी की तलाश की जा रही है।

Similar Posts