< Back
भोपाल
MP Cabinet

MP Cabinet

भोपाल

MP Cabinet: देवी अहिल्याबाई और महाराज मल्हार राव होल्कर की स्मृति में राजवाड़ा में अगली कैबिनेट बैठक

Rashmi Dubey
|
29 April 2025 11:14 PM IST

MP Cabinet: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि लोकमाता देवी अहिल्या बाई होल्कर की स्मृति में आगामी मंत्रि-परिषद की बैठक 20 मई को इंदौर के ऐतिहासिक राजवाड़ा में आयोजित की जाएगी। इस विशेष अवसर पर होल्कर साम्राज्य की नींव रखने वाले महाराज मल्हार राव होल्कर का भी स्मरण किया जाएगा। डॉ. यादव ने बताया कि 20 मई को देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जन्म जयंती वर्ष का समापन हो रहा है और यही उनकी विवाह वर्षगांठ भी है। बैठक की शुरुआत मंत्रालय में वंदे मातरम के गान से हुई, जिसके पूर्व मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को संबोधित भी किया।

हर जिले में बनेगी विकास की नई रूपरेखा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जानकारी दी कि मंत्रि-परिषद की आगामी बैठक में जिला विकास सलाहकार समिति के गठन का प्रस्ताव लाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा के अनुसार देशभर में एक लाख सक्रिय लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में यह कदम एक बड़ा बदलाव लाएगा। इस समिति की अध्यक्षता मुख्यमंत्री करेंगे, जबकि उपाध्यक्ष स्थानीय प्रभारी मंत्री होंगे।

समिति में सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, मेयर, जनपद अध्यक्ष और नगर पालिका अध्यक्ष के साथ-साथ चिकित्सा, विधि, इंजीनियरिंग, समाज सेवा, कृषि, डेयरी, उद्यानिकी और उद्योग जैसे 20 से अधिक क्षेत्रों के विशेषज्ञों को जोड़ा जाएगा। इसका उद्देश्य वर्ष 2047 तक अमृत काल के लक्ष्यों को विशेषज्ञ सहभागिता से साकार करना है।

पीएम मित्रा पार्क से सैकड़ों लोगों को मिलेगा रोजगार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धार जिले में पीएम मित्रा पार्क की स्वीकृति को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इस योजना के लिए 2,062 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है, जबकि राज्य सरकार को अब तक 10,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। पीथमपुर के बाद अब घाटा बिल्लौद में भी विकास गतिविधियों की शुरुआत होने जा रही है। यह पार्क न केवल तीन लाख से अधिक लोगों को रोजगार देगा, बल्कि मालवा-निमाड़ क्षेत्र में कपास उत्पादन को पुनर्जीवित कर क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा।

मानवता की मिसाल बने मनोहर सिंह

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंदसौर में हुई दुखद दुर्घटना का जिक्र करते हुए बताया कि श्री मनोहर सिंह ने अपनी जान की परवाह न करते हुए 4 लोगों की जान बचाकर अद्भुत साहस और मानवता की मिसाल पेश की। इस वीरता के लिए राज्य सरकार न केवल उन्हें मरणोपरांत सम्मानित करेगी, बल्कि उनके परिजन को शासकीय नौकरी भी प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने गैस से चलने वाले वाहनों की सुरक्षा के लिए पर्यावरण विभाग को एडवायजरी जारी करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, शासकीय सेवकों के लिए महंगाई भत्ते की अगली किस्त जारी किए जाने की जानकारी भी मंत्रि-परिषद के साथ साझा की गई।

Similar Posts