< Back
नई दिल्ली
दिल्ली-NCR में बारिश और ठंड का कहर, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट…
नई दिल्ली

Delhi Weather: दिल्ली-NCR में बारिश और ठंड का कहर, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट…

Swadesh Digital
|
27 Dec 2024 4:20 PM IST

दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में शुक्रवार तड़के से रुक-रुककर हो रही बारिश ने ठंड का प्रकोप बढ़ा दिया है। बारिश के चलते राजधानी के कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड में इजाफा हुआ है।

मौसम विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को दिनभर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। दिल्ली का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।


एयर क्वालिटी में सुधार लेकिन यातायात बाधित

बारिश के चलते दिल्ली की एयर क्वालिटी में थोड़ा बहुत सुधार हुआ है, लेकिन यातायात भी गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है। साउथ, सेंट्रल, और नॉर्थ दिल्ली के कई इलाकों में भारी जाम देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार सुबह 11:30 बजे तक सफदरजंग वेधशाला में 9.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। पालम में 8.4 मिमी, लोधी रोड पर 10.8 मिमी, रिज में 9 मिमी और दिल्ली विश्वविद्यालय में 11 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता है। 2 जनवरी तक न्यूनतम तापमान गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, अधिकतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

ठंड और कोहरे से बचाव की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे से बचाव के लिए जरूरी उपाय अपनाने की सलाह दी है। दिल्ली में ठंड और बारिश के चलते गर्म कपड़े पहनने और गर्म पेय पदार्थों का सेवन करने की आवश्यकता है।

बदलते मौसम के संकेत

गुरुवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक था। वहीं, अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक था।

बारिश और ठंड के इस बदलाव ने दिल्लीवासियों के लिए नए साल से पहले मौसम को रोमांचक बना दिया है। हालांकि, यातायात जाम और ठंड से बचने के लिए सतर्कता बनाए रखना जरूरी है।

Similar Posts