< Back
नई दिल्ली
दुष्कर्म मामलाः लोजपा सांसद प्रिंस राज की अग्रिम जमानत पर फैसला सुरक्षित
नई दिल्ली

दुष्कर्म मामलाः लोजपा सांसद प्रिंस राज की अग्रिम जमानत पर फैसला सुरक्षित

Swadesh News
|
23 Sept 2021 7:56 PM IST

नई दिल्ली/वेब डेस्क। दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट ने लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) सांसद प्रिंस राज की दुष्कर्म के आरोप में दर्ज एफआईआर के मामले में दायर अग्रिम जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया। स्पेशल जज विकास धूल ने 25 सितंबर को फैसला सुनाने का आदेश दिया।

इसके पहले 21 सितंबर को इस मामले की सुनवाई कर रहे स्पेशल जज एमके नागपाल ने सुनवाई से खुद को अलग कर लिया था। सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने प्रिंस राज की याचिका का विरोध करते हुए कहा था कि आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ जरूरी है। क्योंकि जो वीडियो है उसमें आपत्तिजनक कंटेंट है। शिकायतकर्ता के मुताबिक ये वीडियो आरोपित के कब्जे में है। प्रिंस राज की ओर से वकील विकास पाहवा ने कहा था कि शिकायतकर्ता ने फर्जी केस दर्ज कराया है। वो आरोपित से पैसे ऐंठना चाहती है। उसका कोई दुष्कर्म नहीं हुआ है।

उल्लेखनीय है कि महिला ने प्रिंस राज के खिलाफ यौन प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। जून महीने में महिला ने दिल्ली पुलिस से शिकायत की थी। महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि प्रिंस राज ने नशीली ड्रिंक पिलाई जिससे वो बेहोश हो गई। महिला के मुताबिक बेहोशी की हालत में प्रिंस राज ने उसके साथ यौन संबंध बनाया और उससे शादी का वादा किया। महिला की शिकायत पर कोर्ट ने प्रिंस राज के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था। उसके बाद पिछले 9 सितंबर को दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।

प्रिंस राज ने भी पिछले 10 फरवरी को महिला और उसकी मित्र के खिलाफ दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी देने की शिकायत की थी। प्रिंस राज की शिकायत पर दिल्ली की पार्लियामेंट स्ट्रीट थान में एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर में फिरौती मांगने और फिरौती वसूलने के लिए धमकाने का आरोप लगाया गया है। प्रिंस राज की शिकायत में कहा गया है कि पिछले साल वो एक महिला से मिले थे जिसने अपने आपको राजनीतिक कार्यकर्ता बताया था। दोनों ने अपना फोन नंबर एक-दूसरे को दिया और दोनों के बीच दोस्ती हो गई। प्रिंस राज के मुताबिक 18 जून 2020 को महिला ने उन्हें अपने घर बुलाया और दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। प्रिंस राज महिला के घर कई बार जा चुके हैं।

प्रिंस राज ने अपनी शिकायत में कहा था कि कुछ महीनों के बाद उन्हें पता चला कि महिला किसी पुरुष के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। उन्होंने महिला से इसके बारे में पूछा था। अगस्त 2020 से प्रिंस राज महिला को नजरअंदाज करने लगा और उसका फोन उठाना भी बंद कर दिया। एक दिन महिला के मित्र ने महिला के फोन से बात की और धमकी दी कि वो आपत्तिजनक वीडियो लीक कर देगा। प्रिंस राज की शिकायत के मुताबिक महिला के मित्र ने आपत्तिजनक वीडियो लीक नहीं करने के एवज में एक करोड़ रुपये की मांग की। प्रिंस राज ने उन्हें दो लाख रुपये भी दिया, लेकिन उसके बावजूद महिला और उसके मित्र ने एक करोड़ रुपये की मांग जारी रखी। उसके बाद प्रिंस राज ने पिछले 9 फरवरी को दिल्ली पुलिस से शिकायत की।

Related Tags :
Similar Posts