
भाजपा अध्यक्ष ने खादी इंडिया स्टोर का किया दौरा, सभी कार्यकर्ताओं से की ये अपील
|नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा ने महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर यहां कनॉट प्लेस स्थित खादी इंडिया का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहां गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

नड्डा ने शनिवार को खादी इंडिया से खरीददारी भी की। उन्होंने खादी इंडिया के उत्पादों का भी जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भाजपा ने आह्वान किया है कि हमारे करोड़ों कार्यकर्ता आज के दिन और आज से सात अक्टूबर तक कभी भी खादी ग्रामोद्योग में जाकर खादी का प्रचलन बढ़ाएं और खादी के वस्त्र खरीदें। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में केंद्र में मोदी सरकार के आने के बाद से खादी पर विशेष जोर दिया गया है।

भाजपा अध्यक्ष ने कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना कर संकटमोचन भगवान हनुमान जी से सभी देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं आरोग्य की प्रार्थना की।