< Back
नई दिल्ली
कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने न्यूजीलैंड के प्रतिनिधिमण्डल से की मुलाकात, दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर सहमति
नई दिल्ली

कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने न्यूजीलैंड के प्रतिनिधिमण्डल से की मुलाकात, दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर सहमति

स्वदेश डेस्क
|
29 Aug 2023 7:26 PM IST

नईदिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने दिल्ली में मंगलवार को न्यूजीलैंड के व्यापार एवं निर्यात विकास, कृषि, जैव सुरक्षा, भूमि सूचना व ग्रामीण समुदाय मंत्री डेमियन ओ'कॉनर से मुलाकात की है। यह जानकारी कृषि मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति जारी कर दी। मंत्रालय के अनुसार दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच कृषि सहयोग एवं साझेदारी को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

न्यूजीलैंड के कृषि मंत्री और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री तोमर ने भारत व न्यूजीलैंड के बीच संबंधों के महत्व और इसकी निरंतर प्रगति के बारे में उल्लेख किया। उन्होंने 14 वर्षों के अंतराल के बाद संयुक्त व्यापार समिति को पुन: आरंभ किए जाने के संबंध में प्रकाश डाला और इसकी संरचना के तहत कृषि उत्पादों के लिए बाजार पहुंच के मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने, भारतीय अनार के दानों को बाजार तक पहुंच प्रदान करने और भारत में एमएसएएमबी वीएचटी सुविधा से आम के आयात पर रोक हटाने के लिए न्यूजीलैंड के मंत्री को धन्यवाद दिया।

अंतरराष्ट्रीय मिलेट्स (श्री अन्न) वर्ष -


तोमर ने न्यूजीलैंड के मंत्री को वर्ष 2023 अंतरराष्ट्रीय मिलेट्स (श्री अन्न) वर्ष के रूप में मनाने की भारत की पहल के बारे में जानकारी देते हुए श्री अन्न के स्वास्थ्य और अन्य लाभों को बढ़ावा देने में उनका सहयोग मांगा, जिस पर डेमियन ने सकारात्मक सहयोग की बात कही। दोनों मंत्रियों ने बागवानी के समग्र विकास के लिए, दोनों देशों के बीच सहयोग ज्ञापन (एमओसी) में परिकल्पित साझेदारी की संभावनाओं पर जोर दिया।

67 देशों का गठबंधन

मंत्रियों ने सतत व जलवायु अनुकूल कृषि प्रणाली विकसित करने के महत्व पर भी चर्चा की। न्यूजीलैंड के मंत्री ने भारत को ग्लोबल रिसर्च एलायंस में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया, जो कृषि पर जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने पर शोध साझा करने के लिए 67 देशों का गठबंधन है।

Similar Posts