< Back
मध्यप्रदेश
मऊगंज घटना पर बोले कमलनाथ- MP भ्रष्टाचार और क़ानून अव्यवस्था की राजधानी बनता जा रहा
मध्यप्रदेश

MP News: मऊगंज घटना पर बोले कमलनाथ- MP भ्रष्टाचार और क़ानून अव्यवस्था की राजधानी बनता जा रहा

Deeksha Mehra
|
17 March 2025 12:00 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश क़ानून अव्यवस्था और भ्रष्टाचार की राजधानी बनता जा रहा है। आज पूरा देश मध्य प्रदेश की तरफ़ देख रहा है और मध्य प्रदेश के ये हालात हैं। यह बात सोमवार को मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मऊगंज घटना पर मध्य प्रदेश विधानसभा सत्र के दौरान सदन के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही है।

ये है पूरा मामला

दरअसल, बीते दिन शनिवार को मऊगंज जिले में भड़के दंगे में एक एएसआई की मौत हो गई थी जबकि थाना प्रभारी समेत पुलिसकर्मी कर तहसीलदार गंभीर रूप से घायल हुए थे। इसके बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

मऊगंज जिले के शाहपुर इलाके में आदिवासी युवक की मौत को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। इस दौरान पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। इस हमले में ASI रामचरण गौतम की मौत हो गई थी।

हालात इतने बिगड़ गए कि आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को बंधक बना लिया, जिसके बाद भारी पुलिस बल को मौके पर तैनात करना पड़ा। इस मामले को लेकर प्रदेश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक सरकार पर हमलावर है। यह पूरी घटना बीते दिन शनिवार को घटी हुई है।

ASI रामचरण गौतम के परिवार को 1 करोड़ की राशि

इस घटना पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शोक जताते हुए कहा कि, मऊगंज में घटित घटना अत्यंत दुखद है। मध्यप्रदेश सरकार संवेदनशील सरकार है। मैंने प्रभारी मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं, अब स्थिति नियंत्रण में है। इस घटना के किसी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

वहीँ सीएम ने आगे कहा कि, कर्तव्य पालन के दौरान मऊगंज के शाहपुर थाना क्षेत्र के गड़रा गांव में अपने प्राणों की आहुति देने वाले एएसआई (25वीं बटालियन) स्व. रामचरण गौतम जी को शहीद का दर्जा दिया जाएगा। स्व. गौतम जी के परिजनों को 1 करोड़ की सहायता राशि प्रदान की जाएगी एवं पात्र उत्तराधिकारी को शासकीय सेवा में लिया जाएगा।


Similar Posts