< Back
मध्यप्रदेश
MP Cold Weather Alert

MP Cold Weather Alert

मध्यप्रदेश

MP Cold Wave: मध्य प्रदेश में सर्द हवाओं से बड़ी ठंड, 2 दिनों में और गिरेगा तापमान

Deeksha Mehra
|
10 Dec 2024 7:53 AM IST

MP Cold Wave Update: भोपाल। मध्य प्रदेश में उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के कारण ठंड बढ़ गई है। विशेष रूप से पश्चिमी मध्य प्रदेश के इलाकों में सोमवार को दिन और रात के तापमान में भारी गिरावट आई। प्रदेश का सबसे ठंडा जिला शिवपुरी रहा, जहां रात का तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आने वाले दिनों में यह तापमान 3-4 डिग्री और लुढ़क सकता है।

20 से 22 दिन कोल्ड वेव

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मध्य प्रदेश के मौसम में बदलाव आएगा। प्रदेश में बर्फीली हवाएं चलेंगी और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि कुछ इलाकों में बादल भी छा सकते हैं और हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। 15 से 20 दिसंबर के बाद कोल्ड डे कोहरा और शीतलहर की स्थिति बन सकती है।

आज सोमवार को सिंगरौली सीधी अनुपपुर शहडोल उमरिया डिंडोरी मंडला और बालाघाट जिलों के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। खासकर दिसंबर के अंत और जनवरी में 20 से 22 दिन कोल्ड वेव यानी सर्द हवाओं और घने कोहरे की स्थिति बन सकती है।

चलेगी बर्फीली हवाएं

वर्तमान में विभिन्न स्थानों पर चार मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र मध्य पाकिस्तान पर एक पश्चिमी विक्षोभ हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात और पाकिस्तान पर एक प्रेरित चक्रवात बन चुका है। इन प्रणालियों के प्रभाव से हवाओं के साथ प्रदेश में कुछ नमी आ रही है और पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर आंशिक बादल और बारिश की स्थिति बन रही है। हवाओं का रुख उत्तर और उत्तर-पश्चिमी होने के कारण सोमवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। हालांकि जबलपुर और शहडोल संभाग के कुछ जिलों में आंशिक बादल बने रह सकते हैं।

पिछले 24 घंटे में ऐसा रहा मौसम

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के जबलपुर और शहडोल संभागों के कुछ जिलों में हल्की वर्षा दर्ज की गई जबकि अन्य सभी संभागों के जिलों में मौसम शुष्क रहा। अधिकतम तापमान में सभी संभागों के जिलों में कोई विशेष परिवर्तन नहीं देखा गया। हालांकि रीवा संभाग के जिलों में तापमान सामान्य से कम था जबकि बाकी सभी संभागों के जिलों का तापमान सामान्य रहा। न्यूनतम तापमान भोपाल इंदौर और नर्मदापुरम संभागों में काफी गिरा जबकि अन्य संभागों के जिलों के तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। भोपाल संभाग के जिलों का तापमान सामान्य से कम था।

Similar Posts