< Back
अन्य
जबलपुर में रनवे पर फिसला एयर इंडिया का विमान, 54 यात्री थे सवार
अन्य

जबलपुर में रनवे पर फिसला एयर इंडिया का विमान, 54 यात्री थे सवार

स्वदेश डेस्क
|
12 March 2022 7:27 PM IST

दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू

जबलपुर। जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर आज शनिवार को बड़ा हादसा टल गया । एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान एयर इंडिया की एक फ्लाइट अनियंत्रित होकर रनवे पर फिसल गई और विमान नीचे मिट्टी पर उतर गई। वहीं पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए प्लेन को कंट्रोल कर दिया। विमान में कुल 54 यात्री सवार थे, हालांकि कोई भी बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए।


जानकारी अनुसार एयर इंडिया की फ्लाइट ई6 दिल्ली से जबलपुर के लिए उड़ान भरी थी। वो 54 यात्रियों को लेकर डुमना एयरपोर्ट में लैंड करने वाली थी कि तभी अनियंत्रित हो गई। हालांकि पायलट की कोशिशों से हादसा टल गया। विमान में यात्रियों के अलावा 5 लोगों को स्टाफ था। जबलपुर से विमान को बिलासपुर के लिए उड़ान भरना था। लेकिन यात्रियों को लेकर उड़ान भरने से पहले ही अनहोनी हो गई।

दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू -

हादसे के बाद एयरपोर्ट में हडक़ंप मच गया। घटनास्थल को एयरपोर्ट प्रशासन ने सील कर सभी यात्रियों को लाउंज में सुरक्षित पहुंचा दिया है। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम और एयरपोर्ट अधिकारी पहुंच गए हैं। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। घटना के पीछे के कारणों का पता जांच के बाद ही लग पाएगा। घटना के कारण जबलपुर आने-जाने वाली 9 फ्लाइट कैंसिल कर दी गई हैँ।

Similar Posts