< Back
ग्वालियर
सबसे ठंडी रही बुधवार की सुबह, दो दिन में 4.1 डिग्री लुढ़ककर 14.5 पर ठहरा
ग्वालियर

सबसे ठंडी रही बुधवार की सुबह, दो दिन में 4.1 डिग्री लुढ़ककर 14.5 पर ठहरा

स्वदेश डेस्क
|
29 Oct 2020 6:30 AM IST

दो दिन में 4.1 डिग्री लुढ़ककर 14.5 पर ठहरा न्यूनतम पारा

ग्वालियर, न.सं.। नवरात्र के बाद मौसम में तेजी से परिवर्तन होता नजर आ रहा है। मौसम अब ठंड की ओर बढ़ रहा है। पिछले दो दिन में ही न्यूनतम तापमान में 4.1 तो अधिकतम तापमान में 3.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इसी के चलते 14.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ बुधवार की सुबह सबसे ठंडी रही। इस सीजन में यह पहला मौका है, जबकि न्यूनतम तापमान इतना नीचे आया है। हालांकि अभी दिन में ठंड का असर नहीं है, लेकिन सुबह, शाम और रात्रि में ठंड असर दिखाने लगी है। मौसम के जानकारों का पूर्वानुमान है कि फिलहाल सुबह, शाम, रात में ही ठंड असर दिखाएगी, लेकिन 15 नवम्बर तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच जाएगा।

इसके परिणाम स्वरूप दिन में भी ठंड पडऩे लगेगी। इसके बाद ठंड का जोर निरंतर बढ़ेगा। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में बुधवार को अधिकतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से मात्र 0.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 1.0 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 14.5 डिग्री सेल्सियस पर ही ठहर गया, जो औसत से 0.4 डिग्री सेल्सियस कम है। इसी प्रकार सुबह हवा में नमी 79 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से 18 प्रतिशत अधिक है, जबकि शाम को हवा में नमी 46 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से एक प्रतिशत कम है।

Similar Posts