< Back
ग्वालियर
डबरा जेल में बंदी ने लगाई फांसी, पुलिस ने शुरू की जांच
ग्वालियर

डबरा जेल में बंदी ने लगाई फांसी, पुलिस ने शुरू की जांच

स्वदेश डेस्क
|
9 Sept 2021 5:03 PM IST

ग्वालियर। जिले की डबरा उपजेल में गुरुवार सुबह एक कैदी का शव फंदे पर लटका मिला। कैदी ने अपने पायजामे के नाड़े को फंदा बनाकर फांसी लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रबंधन के अलावा पुलिस के आला अफसर भी मौके पर पहुंच गए हैं और मामले की जांच की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार डबरा उपजेल में हत्या के मामले में कैदी कमल पुत्र सांवरिया सिंह उम्र पचास साल निवासी छपरा थाना पिछोर विगत 22 मार्च से बंद था। गुरुवार सुबह जब सभी कैदी दैनिक कार्यों में व्यस्त थे, उसी समय कैदी ने पायजामा के नाड़े से फांसी लगा ली। जब अन्य कैदियों की नजर फांसी पर लटके युवक पर पड़ी तो अफरातफरी मच गई। घटना की जानकारी तत्काल जेल के सिपाहियों को दी गई। जांच करने पर पता चला कि युवक की मौत हो चुकी थी।

आनन-फानन उपजेल के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव को फंदे से उतारने के बाद पीएम के लिए पहुंचाया गया है। पुलिस अधिकारियों ने घटना को लेकर अन्य कैदियों से भी पूछताछ की है। घटना की सूचना मृतक बंदी के परिजनों को भी दे दी गई है।

Similar Posts