< Back
भोपाल
थानों से लेकर पुलिस मुख्यालय तक होगा बदलाव, सालों से जमे पुलिस अधिकारियों के किए जाएंगे तबादले…
भोपाल

मप्र पुलिस में बड़ा उलटफेर जल्द: थानों से लेकर पुलिस मुख्यालय तक होगा बदलाव, सालों से जमे पुलिस अधिकारियों के किए जाएंगे तबादले…

Swadesh Digital
|
3 Dec 2024 2:00 PM IST

भोपाल। प्रदेश की कानून-व्यवस्था में कसावट लाने के लिए सरकार पुलिस महकमे में बड़ा बदलाव करने जा रही है। अगले कुछ दिनों के भीतर थानों से लेकर पुलिस मुख्यालय तक बदलाव का क्रम शुरू हो जाएगा।

एक ही जगह या एक ही जिले में सालों से जमे पुलिस अधिकारियों के तबादले किए जाएंगे। कुछ जिलों के पुलिस अधीक्षक बदले जाएंगे तो पुलिस मुख्यालय में भी वरिष्ठ अधिकारियों के भी तबादले होंगे। इस संबंध में शीर्ष स्तर पर एक बैठक भी हो चुकी है।

मंत्रालय सूत्रों के अनुसार पुलिस अधिकारियों के तबादलों की फाइल पर नए पुलिस महानिदेशक की वजह से निर्णय नहीं हुआ है। हालांकि विदेश से लौटने के बाद पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात हो चुकी है।

अगले कुछ दिनों में फिर बैठक होनी है, जिसमें अफसरों की पदस्थापना को लेकर चर्चा हो सकती है। इससे पहले पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे, साथ ही मुख्यालय की हर विंग की समीक्षा भी कर सकते हैं।

इस आधार पर होंगे तबादले

पुलिस कमिश्नर प्रणाली वाले शहर भोपाल, इंदौर में भी काम के प्रदर्शन के आधार पर अधिकारियों को हटाया जाएगा और दूसरे अधिकारी पदस्थ होंगे। भ्रष्टाचार और अन्य गंभीर शिकायतों में लिफ्त ऐसे अधिकारी जो मैदानी पदस्थापना में हैं, उन्हें भी हटाया जाएगा।

खास बात यह है कि जनप्रतिनिधियों द्वारा तबादलों को लेकर जो सिफारिशें की गई हैं। उस पर भी गुण दोष के आधार पर विचार किया जा रहा है।

डेढ़ दर्जन पुलिस अधीक्षक भी हटेंगे

पुलिस की तबादले प्रक्रिया में डेढ़ दर्जन जिलों के पुलिस अधीक्षक प्रभावित हो सकते हैं। खास बात यह है कि इनमें ग्वालियर-चंबल के जिले भी शामिल हैं। भोपाल, इंदौर में पदस्थ अधिकारी प्रभावित होंगे। अलग-अलग वजहों से चर्चा में आए पुलिस अधीक्षकों को सबसे पहले हटाया जा सकता है। पुलिस अधिकारियों की बदली एक साथ न होकर अलग-अलग चरणों में होगी।

Similar Posts