< Back
भोपाल
जनपद और जिला पंचायत अध्यक्षों का चुनाव अब सीधे जनता करेगी...
भोपाल

पंचायतराज में बड़ा बदलाव: जनपद और जिला पंचायत अध्यक्षों का चुनाव अब सीधे जनता करेगी...

Swadesh Digital
|
30 Nov 2024 11:22 AM IST

भोपाल। प्रदेश की त्रिस्तरीय पंचायत राज व्यवस्था में सरपंचों की तरह जनपद और जिला पंचायत अध्यक्षों का निर्वाचन प्रत्यक्ष प्रणाली से होगा। यानी अब जनता सीधे जनपद और जिला पंचायत अध्यक्ष चुनेगी। इसको लेकर सरकार विधानसभा के आगामी सत्र में पंचायतराज अधिनियम में संशोधन प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रही है। मौजूदा स्थिति में जनपद और जिला पंचायत अध्यक्षों का निर्वाचन सदस्यों द्वारा होता है। अप्रत्यक्ष प्रणाली के चुनाव विवादों में रहते हैं।

पंचायतराज व्यवस्था में यूं तो चुनाव गैरदलीय आधार पर होते हैं, लेकिन इसमें राजनीतिक दलों का पूरा दखल रहता है। जिस दल की सदस्य संख्या अधिक होती है, उसका समर्थित व्यक्ति अध्यक्ष बन जाता है।

जिन निकायों में एक दल के समर्थकों का बहुमत नहीं होता है, वहां सदस्यों को प्रलोभन दिए जाने के साथ धमकाने की शिकायतें और राजनीतिक जोड़तोड़ सामने आती है।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने पंचायतराज अधिनियम में संशोधन की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए पंचायतराज की प्रत्यक्ष चुनाव प्रणाली वाले राज्यों के अधिनियमों का अध्ययन किया जा रहा है।

ऐसे चुने जाते हैं अध्यक्ष

जनपद एवं जिला पंचायत अध्यक्षों का चुनाव मौजूदा व्यवस्था में जनता द्वारा चुने गए सदस्यों द्वारा होते हैं। निर्वाचन उपरांत सदस्यों का सम्मेलन बुलाया जाता है, जिसमें अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होता है। प्रदेश में 52 जिला और 313 जनपद पंचायतें हैं। प्रत्येक जिला पंचायत में औसतन 15 तक सदस्य होते हैं।

Similar Posts