< Back
भोपाल
मप्र में 8 IAS अधिकारियों का ट्रांसफर, रीवा कलेक्टर इलैयाराजा को मिली जबलपुर की कमान
भोपाल

मप्र में 8 IAS अधिकारियों का ट्रांसफर, रीवा कलेक्टर इलैयाराजा को मिली जबलपुर की कमान

स्वदेश डेस्क
|
1 Feb 2022 10:36 PM IST

भोपाल। राज्य शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 8 अधिकारियों का तबादला करते हुए उनकी नवीन पद-स्थापनाएं की हैं। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा मंगलवार को आदेश जारी किये हैं।

जारी आदेश के अनुसार, हरदा कलेक्टर संजय गुप्ता को वि.क.अ.-सह-आयुक्त-सह-पंजीयक, सहकारी संस्थाएँ, मध्यप्रदेश तथा राज्य सहकारी तिलहन उत्पादक संघ भोपाल में प्रबंध संचालक बनाया गया है, जबकि रीवा कलेक्टर कलेक्टर इलैयाराजा टी. को जबलपुर कलेक्टर का दायित्व सौंपा गया है। वहीं, जबलपुर कलेक्टर कर्मवीर शर्मा को ऊर्जा विकास निगम भोपाल में प्रबंध संचालक पदस्थ किया गया है।

इसी तरह अलीराजपुर कलेक्टर मनोज पुष्प को रीवा कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम, क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल तथा कार्यकारी संचालक औद्योगिक विकास निगम भोपाल (अतिरिक्त प्रभार) तथा औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के उप सचिव (अतिरिक्त प्रभार) ऋषि गर्ग को हरदा कलेक्टर बनाया गया है। वाणिज्यिक कर इंदौर के अपर आयुक्त राघवेन्द्र सिंह को अलीराजपुर कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, वाणिज्यिक कर इंदौर की अपर आयुक्त नेहा मीना को नीमच में अपर कलेक्टर नियुक्त किया गया है। इंदौर जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा अपर कलेक्टर हिमांशु चन्द्र को शहडोल जिला पंचायत में मुख्य कार्यपालन अधिकारी पदस्थ किया गया है।

कर्मवीर शर्मा द्वारा प्रबंध संचालक, ऊर्जा विकास निगम, भोपाल का कार्यभार ग्रहण करने पर विवेक कुमार पोरवाल अपने वर्तमान दायित्वों में से केवल प्रबंध संचालक, ऊर्जा विकास निगम, भोपाल के प्रभार से मुक्त होंगे।

Related Tags :
Similar Posts