< Back
भोपाल
अहिल्याबाई की नगरी में लोक-कल्याण’ के बड़े फैसले लेगी मोहन सरकार….
भोपाल

महेश्वर में कैबिनेट की बैठक आज: अहिल्याबाई की नगरी में 'लोक-कल्याण’ के बड़े फैसले लेगी मोहन सरकार….

Swadesh Digital
|
24 Jan 2025 12:10 PM IST

शराब, उद्योग, निवेश नीतियों के साथ नारी सशक्तिकरण के फैसलों पर लग सकती है मुहर

भोपाल। प्रदेश की मोहन यादव सरकार लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती पर मप्र के लिए लोक-कल्याणकारी फैसले लेने जा रही है। अहिल्याबाई की राजधानी रहे महेश्वर में शुक्रवार को होने वाली कैबिनेट बैठक में उद्योग नीति, निवेश नीति, शराब नीति के अलावा नारी सशक्तिकरण की दिशा में बड़े फैसले हो सकते हैं।

सरकार प्रदेश के 17 धार्मिक शहरों में शराबबंदी का फैसला भी ले सकती है। अगले महीने होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले उद्योग एवं निवेश नीति पर भी अहिल्याबाई की नगरी में मुहर लगने की संभावना है। इसके अलावा मोहन यादव सरकार लोक हित में अन्य बड़े फैसले भी ले सकती है।

'नारी सशक्तिकरण मिशन' के जरिए महिलाओं के हित में बड़े निर्णय लिए जाएंगे। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा तैयार किया गया मिशन का प्रारूप भी कैबिनेट में रखा जाएगा, जिसे मंजूरी मिलने की पूरी संभावना है। इस मिशन के जरिए सरकार महिलाओं की जिंदगी में बड़ा बदलाव लाने के लिए महिला शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक स्वावलंबन, महिला सुरक्षा आदि से संबंधित कार्यक्रम शुरू करेगी। कैबिनेट के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव महेश्वरी साड़ी तैयार करने वाली महिला बुनकरों से संवाद करेंगे। इस दौरान महिला कामगारों को लेकर बड़ी घोषणा हो सकती है।

कैबिनेट को लेकर खरगोन जिला प्रशासन ने महेश्वर और रानी अहिल्याबाई के महल को सजाया दिया है। कैबिनेट के सदस्य यहां जाएंगे। पूरी कैबिनेट द्वारा लोकमाता देवी अहिल्याबाई की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जायेगी। साथ ही मुख्यमंत्री कैबिनेट के साथ नर्मदा पूजन करेंगे। इसलिए अहिल्या घाटों पर रंगरोगन करके उन्हें सुंदर बनाया गया है।

''महेश्वर में होने वाली कैबिनेट की बैठक देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती को समर्पित होगी। लोकमाता देवी अहिल्याबाई का सम्पूर्ण जीवन लोक-कल्याण और सुशासन को समर्पित रहा है। राज्य सरकार देवी अहिल्याबाई द्वारा महिला सशक्तिकरण, किसान-कल्याण, सुशासन की दिशा में दिखाए मार्ग पर चलकर समग्र विकास को चरितार्थ करने के लिए संकल्पित है। लोकमाता देवी अहिल्याबाई के सिद्धातों एवं आदर्शों को राज्य की नीति एवं निर्माण में समाहित किया जाएगा। उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए महिला नेतृत्व एवं सशक्तिकरण की दिशा में सरकार ने प्रभावी कदम बढ़ाए हैं। - डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री, मप्र

Similar Posts