< Back
भोपाल
International Shivna Samman 2024

International Shivna Samman 2024

भोपाल

अंतर्राष्ट्रीय शिवना सम्मान 2024: शिवना प्रकाशन के सम्मानों की घोषणा, 'अंतर्राष्ट्रीय शिवना सम्मान' प्रभात रंजन और मनीष वैद्य को

Deeksha Mehra
|
13 Jan 2025 12:03 PM IST

International Shivna Samman 2024 : भोपाल। शिवना प्रकाशन द्वारा दिए जाने वाले प्रतिष्ठित सम्मानों की घोषणा कर दी गयी है। शिवना प्रकाशन के ऑनलाइन आयोजन में वर्ष 2024 के लिए यह सम्मान दिये जाने की घोषणा की गयी है।

शिवना सम्मानों के लिए बनायी गयी चयन समिति के संयोजक, पत्रकार और लेखक आकाश माथुर ने जानकारी देते हुए बताया कि शिवना प्रकाशन द्वारा दो सम्मान प्रदान किये जाते हैं। एक 'अंतर्राष्ट्रीय शिवना सम्मान' जो वर्ष भर में सभी प्रकाशनों द्वारा प्रकाशित साहित्य की सभी विधाओं की पुस्तकों में से निर्णायकों द्वारा चयनित एक पुस्तक को प्रदान किया जाता है।

दूसरा 'शिवना कृति सम्मान' जो वर्ष भर में शिवना प्रकाशन द्वारा प्रकाशित पुस्तकों में गुणवत्ता तथा विक्रय के सम्मिलित आधार पर एक पुस्तक को प्रदान किया जाता है। साल 2024 के लिए इन सम्मानों की घोषणा कथाकार, उपन्यासकार पंकज सुबीर ने ऑनलाइन की।

'अंतर्राष्ट्रीय शिवना सम्मान' राजपाल एंड संस प्रकाशन से प्रकाशित उपन्यास 'क़िस्साग्राम' के लिए प्रभात रंजन तथा सेतु प्रकाशन से प्रकाशित कहानी संग्रह 'वांग छी' के लिए मनीष वैद्य को संयुक्त रूप से प्रदान किया जायेगा।

'शिवना कृति सम्मान' अकादमिक पुस्तक 'दण्ड से न्याय तक' के लिए लेखक प्रवीण कक्कड़ को प्रदान किया जायेगा। निर्णायक मंडल में अमेरिका निवासी वरिष्ठ लेखक सुधा ओम ढींगरा और राष्ट्रपति स्वर्ण कमल सम्मान से सम्मानित लेखक यतीन्द्र मिश्र शामिल थे।

आकाश माथुर ने बताया कि शीघ्र ही एक गरिमामय सम्मान समारोह में इन सम्मानित रचनाकारों तथा पूर्व में घोषित नवलेखन पुरस्कार के लेखकों रश्मि कुलश्रेष्ठ तथा शुभ्रा ओझा को सम्मान राशि, शॉल, तथा स्मृति चिह्न प्रदान कर यह सम्मान प्रदान किये जायेंगे।

Similar Posts