< Back
भोपाल
पुलिस अधीक्षक को हटा चुकी है सरकार…
भोपाल

गुना जिलाधीश पर भी गिर सकती है तबादले की गाज: पुलिस अधीक्षक को हटा चुकी है सरकार…

Swadesh Digital
|
21 April 2025 1:51 PM IST

भोपाल: राज्य शासन ने शनिवार देर रात गुना पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा को हटाकर पुलिस मुख्यालय पदस्थ कर दिया है। उनकी जगह इंदौर उपायुक्त अंकित सोनी को गुना का नया पुलिस अधीक्षक बनाया है। उनके तबादले को हनुमान जयंती पर समुदाय विशेष के लोगों द्वारा पत्थरबाजी करने की घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। मामले में गुना जिलाधीश किशोर कान्याल पर भी तबादले की गाज गिर सकती है। इसका फैसला आज सोमवार को हो सकता है।

दरअसल, हनुमान जयंती पर गुना में निकाली गई रथ यात्रा पर समुदाय विशेष के लोगों ने अचानक पत्थरबाजी कर दी थी। जिसमें कुछ लोग घायल भी हुए थे। घटना के बाद शहर में तनाव की स्थिति बनी। हालांकि बाद में पुलिस एवं प्रशासन ने स्थिति को संभाल लिया था। घटना को लेकर पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को आरोपी बनाया था। इस बीच गृह विभाग ने शनिवार रात अचानक पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा को हटा दिया।

खबर है कि गुना जिलाधीश किशोर कान्याल को भी हटाने का प्रस्ताव है। क्योंकि गुना प्रशासन घटना को रोकने में असमर्थ रहा। जिसमें पुलिस ही नहीं प्रशासन की भी चूक है। जिलाधीश को हटाने का फैसला सोमवार को होगा।

तीन महीने पहले बने थे गुना कलेक्टर

किशोर कान्याल तीन महीने पहले ही श्योपुर कलेक्टर से हटाकर गुना कलेक्टर बनाए गए थे। उन्हें अक्टूबर 2024 में विजयपुर उपचुनाव की आचार संहिता से पहले श्योपुर जिलाधीश बनाया गया था। हालांकि इससे पहले वे शाजापुर जिलाधीश भी रह चुके हैं। वाहन चालकों की हड़ताल के दौरान उनका चालक से 'तुम्हारी औकात ही क्या है’ कहते हुए वीडियो वायरल हुआ। इसके बाद सरकार ने उन्हें हटा दिया था।

Similar Posts