< Back
भोपाल
डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम से पहचाना जाएगा जीजी फ्लाईओवर, मुख्यमंत्री ने किया राजधानी के सबसे लंबे फ्लाईओवर का लोकार्पण…
भोपाल

भोपाल: डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम से पहचाना जाएगा जीजी फ्लाईओवर, मुख्यमंत्री ने किया राजधानी के सबसे लंबे फ्लाईओवर का लोकार्पण…

Swadesh Digital
|
23 Jan 2025 8:01 PM IST

बावड़िया कलां में बनेगा 180 करोड़ की लागत से ओवर ब्रिज

भोपाल। राजधानी भोपाल को सबसे लंबे फ्लाई ओवर की सौगात मिल गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को गणेश मंदिर से गायत्री मंदिर तक 2.73 किमी लंबे फ्लाईओवर का लोकार्पण कर दिया है। साथ ही उन्होंने प्लाईओवर का नाम डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़ी चुनौतियों के बीच इस ब्रिज का निर्माण हुआ है, इसके लिए लोक निर्माण मंत्री और उनका विभाग बधाई के पात्र हैं।

साथ ही उन्होंने बावड़िया-कलां क्षेत्र में 180 करोड़ रुपए की लागत से फ्लाईओवर बनाए जाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द बैरागढ़ ब्रिज का भी लोकार्पण किया जाएगा।

154 करोड़ की लागत से बना

लोकार्पित किए गए फ्लाईओवर की लागत 154 करोड़ रुपए है। जो कुछ महीने पहले ही बनकर तैयार हो गया था। कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि यह फ्लाईओवर शहर के यातायात प्रबंधन में महती सुधार लाने के साथ यात्रियों को राहत प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हमेशा विकास कार्यों को प्राथमिकता दी है। फ्लाई-ओवर के लोकार्पण की जब बात आई, तब उन्होंने इसे जनता के लिए तुरंत समर्पित करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद वीडी शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी संबोधिता किया। इस अवसर पर विधायक भगवानदास सबनानी, जन-प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

जाम से मिलेगी मुक्ति, बढ़ेगी रफ्तार

प्लाईओवर के लोकार्पण के साथ ही सामान्य यातायात बहाल कर दिया गया है। इससे औबेदुल्लागंज, नर्मदापुरम, बैतूल, खंडवा और जबलपुर मार्ग पर यातायात सुगम होगा। साथ ही लोगों को जाम से मुक्ति मिलेगी और यातायात की रफ्तार बढ़ेगी।

Similar Posts