< Back
भोपाल
15 अप्रैल से एक महीने तक हट सकता है प्रतिबंध...
भोपाल

अगले महीने आएगी पूर्ण तबादला नीति!: 15 अप्रैल से एक महीने तक हट सकता है प्रतिबंध...

Swadesh Digital
|
21 March 2025 7:56 PM IST

विशेष संवाददाता, भोपाल। प्रदेश सरकार करीब 3 साल बाद तबादलों से प्रतिबंध हटाने जा रही है। सरकार अगले महीने अप्रैल में पूर्ण तबादला नीति घोषित कर सकती है। जिसके तहत 15 अप्रैल से सभी तरह के अधिकारी एवं कर्मचारियों के तबादलों से रोक हट जाएगी।

जिसके बाद 15 मई तक तबादले होंगे। हालांकि नीति लागू करते समय तबादला अवधि में परिवर्तन हो सकता है। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यकाल में पहली पूर्ण तबादला नीति होगी। अभी तक तबादले समन्वय से हो रहे हैं।

प्रदेश में कई सालों से तबादलों से रोक नहीं हटने की वजह से कर्मचारी संगठनों के साथ-साथ जनप्रतिनिधि भी मांग उठा रहे हैं। विधानसभा के बजट सत्र के बीच जनप्रनिधियों ने मुख्यमंत्री को तबादलों के संबंध में पत्र भी लिखे हैं।

साथ ही कई विधायकों ने भी मुख्यमंत्री से इस संबंध में चर्चा की है। ऐसे में सरकार अगले महीने तबादला से प्रतिबंध हटाने पर विचार कर रही है। इसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग को भी संकेत मिल चुके हैं। संभवत: अप्रैल के शुरुआत में तबादला नीति को कैबिनेट में लाया जा सकता है।

विभागीय अधिकारी ने बताया कि तबादला नीति का प्रारूप तैयार है। निर्देश मिलते ही प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

सामान्य प्रशासन विभाग के अनुसार प्रदेश में आखिरी पूर्ण तबादला नीति 24 जून 2021 को घोषित की गई थी। जिसके तहत 1 जुलाई से 31 जुलाई 2021 तक तबादलों से प्रतिबंध हटा गया था। मोहन सरकार ने जनवरी में आंशिक तबादला नीति लागू की थी।

जिसके तहत विशेष परिस्थितियों (गंभीर बीमारी, भ्रष्टाचार, अपराध) में ही मंत्रियों को संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के तबादले के अधिकार हैं।

अभी भी समन्वय से हो रहे तबादले

यूं तो तबादलों पर कोई रोक नहीं है, विभागों को तबादलों के लिए मुख्यमंत्री समन्वय को फाइल भेजनी होती है। मंत्रियों को विशेष प्रकरणों के अलावा सामान्य तबादलों के अधिकार नहीं है।

Similar Posts