< Back
भोपाल
म.प्र. विधानसभा चुनावः मतगणना के रुझान के बाद भाजपा कार्यालय में जश्न, वीडी शर्मा बोले-भाजपा बनाएगी इतिहास
भोपाल

म.प्र. विधानसभा चुनावः मतगणना के रुझान के बाद भाजपा कार्यालय में जश्न, वीडी शर्मा बोले-भाजपा बनाएगी इतिहास

Bhopal Desk
|
3 Dec 2023 5:10 PM IST

मध्य प्रदेश में रविवार को विधानसभा चुनाव 2023 की मतगणना हो रही है। दोपहर दो बजे तक आए रुझानों में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करती हुई दिख रही है। रूझान आने के बाद से भाजपा कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं तो वहीं कांग्रेस में निराशा का माहौल है

भोपाल । मध्य प्रदेश में रविवार को विधानसभा चुनाव 2023 की मतगणना हो रही है। दोपहर दो बजे तक आए रुझानों में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करती हुई दिख रही है। रूझान आने के बाद से भाजपा कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं तो वहीं कांग्रेस में निराशा का माहौल है। विधानसभा चुनाव के आ रहे परिणामों से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी खुश हैं। उन्होंने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ जमकर जश्न मनाया। इस दौरान उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि भाजपा अब तक की सर्वाधिक सीटें जीतकर इतिहास बनाएगी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शर्मा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा अब तक की सर्वाधिक सीटें जीतकर इतिहास बनाएगी। कांग्रेस केवल झूठ बोलती है। भाजपा की सरकार बनाने के लिए आगे की जो रणनीति होगी वो हमारा केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा। इधर, मप्र चुनाव में बीजेपी की बढ़त पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी नेता जश्न मना रहे हैं। केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया भी जश्न में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने वीडी शर्मा को मिठाई खिलाकर और बांहों में भरकर जीत की बधाई दी।

घर को लौटे संजय शुक्ला और जीतू पटवारी

विधानसभा निर्वाचन 2023 में इंदौर की करीब सभी नौ सीटों पर भाजपा के एकतरफा बढ़त रूझान के बाद कांग्रेस के खेमे में निराशा है। इस निराशा के बीच कांग्रेस के शीर्ष नेता संजय शुक्ला और जीतू पटवारी घर लौट गए। दोनों ही नेता अपने-अपने क्षेत्र में पीछे चल रहे हैं। चिंटू चौकसे अपने ही बूथ से 284 मतों से हारे। गौरव रणदीवे पार्टी कार्यालय पहुंचे तो कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय शाम चार बजे नेहरू स्टेडियम पहुंचेंगे।

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर पिछड़ने के बाद हुए 12839 से आगे

वहीं, दिमनी सीट से चुनाव लड़ रहे केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर बसपा प्रत्याशी से पिछड़ने के बाद अब 12वें राउंड में 12839 मतों से आगे हो गए हैं। बताया जा रहा है कि अब विधानसभा में तोमर के प्रभाव वाले क्षेत्र की इवीएम के मतों की गिनती हो रही है। इसलिए अब वे आगे हो गए हैं और उनकी बढ़त बढ़ती जाएगी।

बुदनी में शिवराज 71 हजार से ज्यादा मतों से आगे

इधर, सीहोर जिले की चारों विधानसभा सीट पर कमल खिलता नजर आ रहा है। बुधनी सीट पर भाजपा प्रत्याशी के तौर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 12 राउंड की मतगणना के बाद अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 71655 मतों से आगे चल रहे हैं। शिवराज को 12वें राउंड तक 100558 मत मिले, वहीं उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम मस्ताल को 28923 वोट प्राप्त हुए हैं।

Similar Posts