< Back
Lead Story
योगी आदित्यनाथ दिल्ली के लिए हुए रवाना, नए मंत्रिमंडल के चेहरों पर होगा मंथन
Lead Story

योगी आदित्यनाथ दिल्ली के लिए हुए रवाना, नए मंत्रिमंडल के चेहरों पर होगा मंथन

स्वदेश डेस्क
|
13 March 2022 11:00 AM IST

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगली सरकार के गठन की तैयारियां शुरू हो गयी हैं। कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा के प्रमुख नेता आज दिल्ली के रवाना हो गए है। वह सरकार के गठन पर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा करेंगे। नेतृत्व की मुहर के बाद शपथ की तारीख तय होगी।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री आदित्यनाथ रआज दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल भी दिल्ली जाएंगे। केंद्रीय नेतृत्व के साथ मंथन के बाद ही अगली सरकार का स्वरूप तय होगा। मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले संभावित चेहरों पर भी चर्चा की जाएगी। बेहतर परिणाम देने वाले मंत्रियों को एक बार फिर जगह मिलेगी।

नई सरकार ले सकती है बड़े फैसले -

विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता ने मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के कामकाज पर अपनी मुहर लगा दी है। परिणाम आने के बाद से उत्सवी माहौल के बीच आदित्यनाथ पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, अफसरों से मुलाकात कर रहे हैं। इसके साथ ही वह अगली सरकार के कार्यों को लेकर अभी से जुट गये हैं। योगी सरकार-2 का होली पर उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का पहला फैसला हो सकता है। भाजपा के लोक कल्याण संकल्प पत्र में होली और दीपावली पर मुफ्त सिलेंडर देने का वादा किया गया है। परिणाम आने के बाद यह पहली होली है। इसके साथ ही नई सरकार किसानों और युवाओं से जुड़े फैसले भी ले सकती है।

Similar Posts