< Back
Lead Story
मानसून की पहली बारिश से जलमग्र हुई मुंबई, अलर्ट रहने की चेतावनी
Lead Story

मानसून की पहली बारिश से जलमग्र हुई मुंबई, अलर्ट रहने की चेतावनी

Prashant Parihar
|
9 Jun 2021 12:20 PM IST

मुंबई। मुंबई में मंगलवार देर रात से हो रही तेज बारिश से शहर के कई इलाके जलमग्र हो गए हैं। मध्य रेलवे में कई जगह रेलवे पटरी डूब गई है, इससे कुर्ला-स्टेशन से मुंबई सीएसएमटी स्टेशन तक रेल सेवा बंद कर दी गई है। सड़कों पर हुए जलभराव की वजह से वाहन चालकों को भारी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर भारी जाम लगा हुआ है। मुंबई नगर निगम ने लोगों को अत्यावश्यक काम रहने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।

इससे मुंबई शहर में किंगसर्कल, परेल ,लालबाग, मिलन सबवे, विद्याविहार, सायन सर्कल दहिसर,चकाला आदि इलाकों में जलभराव हो गया है। चेंबूर में पीएल लोखंडे मार्ग पर जलभराव हो गया है। यहां सोसाइटी व झोपड़पट्टी इलाकों में पानी भर गया है। इससे लोगों को भारी असुविधा हो रही है। बारिश की वजह से शहर की कई सड़कें तालाब बन गई हैं, इससे कई वाहन रास्ते पर बंद हो गए और ट्राफिक जाम बढ़ गया है।

नागरिकों का जनजीवन प्रभावित -

मुंबई के पूर्व उपनगर, पश्चिमी उपनगर के कई इलाकों में जलभराव की वजह से नागरिकों का जनजीवन प्रभावित हुआ है। सायन ,किंगसर्कल इलाके में बारिश के पानी से रेल की पटरी डूब गई है। इसे देखते हुए मध्य रेलवे ने कुर्ला से मुंबई सीएसएमटी तक रेल सेवा आगामी आदेश तक बंद कर दिया है। पश्चिम रेलवे व हार्बर रेलवे की सेवा धीमी गति से चल रही है। इससे अत्यावश्यक सेवा से जुड़े लोगों को काम पर जाने मे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अलर्ट रहने की चेतावनी -

बारिश का असर मुंबई से सटे ठाणे, नई मुंबई, पालघर जिले में भी देखने को मिल रहा है। यहां भी निचले इलाकों में जलभराव की वजह से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इसी वजह से राज्य सरकार की आपदा प्रबंधन टीम ने मुंबई सहित राज्य में 9 जून से 12 जून तक प्रशासन को एलर्ट रहने की चेतावनी दी है। बारिश से निपटने के लिए प्रशासन सतर्क हैं और लोगों को घर में रहने के लिए कहा गया है।

Similar Posts