< Back
Lead Story
जाना था गोवा, पहुंच गई कल्‍याण, इस तकनीकी गड़बड़ी के कारण हुई समस्‍या…
Lead Story

रास्ता भटकी वंदे भारत एक्‍सप्रेस: जाना था गोवा, पहुंच गई कल्‍याण, इस तकनीकी गड़बड़ी के कारण हुई समस्‍या…

Swadesh Digital
|
24 Dec 2024 2:28 PM IST

मुंबई: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल से मडगांव के लिए रवाना हुई वंदे भारत एक्सप्रेस सोमवार को अपने निर्धारित मार्ग से भटककर कल्याण पहुंच गई। ट्रेन को पनवेल के रास्ते जाना था, लेकिन तकनीकी गड़बड़ी के कारण यह गलत दिशा में चली गई।

इस घटना से न केवल वंदे भारत 90 मिनट देरी से गंतव्य पर पहुंची, बल्कि मुंबई की लोकल ट्रेन सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुईं।

रेल अधिकारियों के अनुसार, यह घटना ठाणे जिले के दिवा स्टेशन पर सिग्नलिंग और दूरसंचार प्रणाली में तकनीकी गड़बड़ी के कारण हुई। ट्रेन, जो दिवा-पनवेल मार्ग से मडगांव की ओर बढ़ रही थी, तकनीकी खराबी के चलते कल्याण की ओर मुड़ गई। इसके चलते ट्रेन करीब 90 मिनट लेट हो गई, जिससे यात्रियों को भी असुविधा झेलनी पड़ी।

घटना के बाद वंदे भारत ट्रेन को कल्याण से वापस दिवा जंक्शन लाया गया और फिर वहां से पनवेल मार्ग पर सही दिशा में रवाना किया गया।

यह वजह आई सामने

मध्य रेलवे के पीआरओ स्वप्निल नीला ने इस मामले पर सफाई देते हुए कहा, "यह घटना दिवा जंक्शन पर डाउन फास्ट लाइन और पांचवीं लाइन के बीच सिग्नलिंग और दूरसंचार प्रणाली में तकनीकी गड़बड़ी के कारण हुई। मुंबई उपनगरीय क्षेत्र में ऐसी घटनाएं बहुत कम होती हैं। हम इस समस्या को हल करने के लिए कदम उठा रहे हैं।"

इस तकनीकी समस्या के कारण मुंबई लोकल ट्रेन सेवाओं पर भी असर पड़ा, जिससे दैनिक यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि, रेल अधिकारियों ने जल्द ही स्थिति को सामान्य कर लिया और ट्रेन को सही मार्ग पर रवाना कर दिया।

वंदे भारत ट्रेन की आधुनिक तकनीक और सिग्नलिंग प्रणाली पर यह गड़बड़ी रेलवे के लिए एक सीख भी है। रेलवे अधिकारी इस घटना की विस्तृत जांच कर रहे हैं ताकि भविष्य में इस तरह की समस्याओं से बचा जा सके।

Similar Posts