< Back
Lead Story
रूस का दावा : यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने छोड़ा देश, पोलैंड में ली शरण
Lead Story

रूस का दावा : यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने छोड़ा देश, पोलैंड में ली शरण

स्वदेश डेस्क
|
4 March 2022 7:39 PM IST

कीव। यूक्रेन पर रूस के हमले के नौवें दिन यूक्रेन की राजधानी कीव में लगातार धमाके सुने जा रहे हैं। यूक्रेन का शहर बोरोडियांका तबाह हो गया है। रूसी सेना ने जापोरिज्जिया आणविक संयंत्र पर कब्जा कर लिया है। इसी बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की के देश छोड़ने की खबर सामने आ रही है। रूसी मीडिया ने दावा किया है की जेलेंस्की पोलेंड भाग गए है।

हालांकि इस संबंध में राष्ट्रपति जेलेंस्की और यूक्रेनी सरकार के अन्य प्रतिनिधि की ओर से कोई बयान नहीं दिया गया है। बताया जा रहा है की रूस आज राजधानी कीव पर कब्ज़ा कर लेगा। जिसके लिए रूसी सेना ने प्रयास तेज कर दिए है। आज सुबह से ही राजधानी में में एक के बाद एक कई धमाके किए जा रहे है।

परमाणु संयंत्र पर कब्ज़ा -

कीव में तेज धमाकों से पहले रूसी सेना ने यूक्रेन स्थित यूरोप के सबसे बड़े आणविक संयंत्र जापोरिज्जिया पर हमला कर उसपर कब्जा कर लिया। इसमें छह रिएक्टर हैं। यह संयंत्र देश की लगभग 25 से 30 फीसदी परमाणु ऊर्जा की आपूर्ति करता है। यूक्रेन प्रशासन का दावा है कि रूसी सेना ने यूक्रेन के परमाणु ऊर्जा केंद्र के क्षेत्र में प्रवेश कर लिया है। रूसी सेनाएं अन्य शहरों में भी तबाही मचाने में जुटी हैं।

बोरोडियांका शहर तबाह किया -

कीव से 60 किलोमीटर उत्तर पश्चिम स्थित बोरोडियांका शहर रूसी तोपखाने से हुए हमले से तबाह हो चुका है। रिहायशी व प्रशासनिक भवन ध्वस्त हो गए हैं और जगह-जगह धुआं उठता देखा जा रहा है। एक अन्य शहर चर्नीहीव पर मिसाइलों से हुए हमले में 33 लोगों की मौत की खबर है।रूसी सेना ने दक्षिणी शहर खेरसॉन में एक टीवी प्रसारण टॉवर को जब्त कर लिया है। इसके अलावा तीन शहरों ओडेसा, बिला त्सेरकवा और वोलिन ओब्लास्ट में हवाई हमले की तैयारी चल रही है। यूक्रेन प्रशासन ने यहां चेतावनी जारी कर इन शहरों के निवासियों को निकटतम सुरक्षित स्थानों पर चले जाने को कहा है।

Similar Posts