< Back
Lead Story
राम की पैड़ी पर शराब पीने वाले कर्मचारी का निष्कासन, संस्था पर 50 हजार का जुर्माना
Lead Story

अयोध्‍या: राम की पैड़ी पर शराब पीने वाले कर्मचारी का निष्कासन, संस्था पर 50 हजार का जुर्माना

Swadesh Digital
|
12 Sept 2024 4:52 PM IST

रामनगरी में राम की पैड़ी के पास नगर निगम के कर्मचारी द्वारा शराब पीने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने तुरंत कड़ी कार्रवाई की है। जांच में दोषी पाए गए कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया गया और संबंधित संस्था लॉयन सिक्योरिटी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

बुधवार की सुबह, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें नगर निगम की वर्दी पहने कुछ सफाईकर्मी राम की पैड़ी के पास बैठकर शराब पीते हुए दिखाई दे रहे थे। इस वीडियो के वायरल होने के बाद नगर निगम को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा। जैसे ही नगर आयुक्त संतोष शर्मा को इस मामले की जानकारी हुई, उन्होंने तुरंत जांच के आदेश दिए और अपर नगर आयुक्त अनिल सिंह को इसकी जिम्मेदारी सौंपी।

जांच में पाया गया कि वीडियो में दिख रही घटना सत्य है। वीडियो में जो कर्मचारी शराब का सेवन करते नजर आ रहे थे, वे लॉयन सिक्योरिटी द्वारा नियोजित थे, जो नगर निगम के लिए सफाई कार्य देखती है।

नगर आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत दोषी कर्मचारी को निष्कासित कर दिया और संस्था लॉयन सिक्योरिटी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगा दिया। इसके साथ ही सफाई एवं खाद्य निरीक्षक को भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न होने के लिए सचेत किया गया है। इस घटना ने नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के आचरण पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि इस तरह की अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


Similar Posts