< Back
Lead Story
कश्मीर में नहीं थम रही टारगेट किलिंग, अब शोपियां में श्रमिकों पर हमला, दो घायल
Lead Story

कश्मीर में नहीं थम रही टारगेट किलिंग, अब शोपियां में श्रमिकों पर हमला, दो घायल

स्वदेश डेस्क
|
4 Jun 2022 11:45 AM IST

शोपियां। जिले के जैनपोरा इलाके में शुक्रवार देररात आतंकियों ने बाहरी राज्य के श्रमिकों को निशाना बनाते हुए ग्रेनेड हमला किया। इस हमले में दो श्रमिक घायल हो गए। घायलों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया। सुरक्षाबलों ने घटनास्थल व उसके साथ लगते इलाकों में तलाशी अभियान चलाया। यह अभियान शनिवार सुबह भी जारी है।

शोपियां जिले के अगलर जैनपोरा में जवाहर नवोदय विद्यालय के पास दूसरे राज्यों के श्रमिक रहते हैं। देररात आतंकियों ने वहां खड़े श्रमिकों को निशाना बनाते हुए ग्रेनेड फेंका। इस ग्रेनेड की चपेट में आने से दो श्रमिक घायल हो गए। ग्रेनेड के धमाके की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग और सुरक्षाबल के जवान मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायल श्रमिकों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने सेना व सीआरपीएफ के जवानों के संयुक्त दल ने घटनास्थल व उसके साथ सटे इलाकों की घेराबंदी कर आतंकियों की धरपकड़ के लिए तलाशी अभियान शुरू किया।

उल्लेखनीय कि दो दिन में कश्मीर में रह रहे अन्य राज्यों के श्रमिकों पर यह दूसरा हमला है। इससे पहले गुरुवार रात आतंकियों ने चाडूरा में ईंट भट्ठा मजदूरों पर हमला किया था। इसमें बिहार के श्रमिक दिलखुश की मौत हो गई थी जबकि एक अन्य जख्मी हो गया था।

Similar Posts