< Back
Lead Story
मुंबई पुलिस को पाकिस्तान से आया फोन, 26/11 जैसे आतंकी हमले की दी धमकी
Lead Story

मुंबई पुलिस को पाकिस्तान से आया फोन, 26/11 जैसे आतंकी हमले की दी धमकी

स्वदेश डेस्क
|
20 Aug 2022 11:23 AM IST

मुंबई।पाकिस्तान से मुंबई में 26/11 जैसे आतंकी हमले की धमकी भरा मैसेज ट्रैफिक कंट्रोल रूम को भेजा गया है। इस मैसेज के बाद मुंबई में हाई अलर्ट जारी किया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजीत पवार ने प्रशासन तथा सरकार को इस संदेश को गंभीरता से लेने का आग्रह किया है।

पुलिस के अनुसार ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम के व्हाट्स ऐप नंबर पर यह धमकी भरा मैसेज आया है। इसमें दावा किया गया है कि 6 आतंकी भारत पहुंच चुके हैं। जल्द ही मुंबई में 26/11 जैसा हमला किया जाएगा। मैं पाकिस्तान से हूं। आपके कुछ भारतीय मुंबई जाने में मेरा साथ दे रहे हैं। मुंबई के लिए उड़ान भरने के लिए सभी तैयार, अब कम ही समय बचा है। कभी भी हमला हो सकता है। 26/11 के हमले को याद रखना चाहिए। अगर नहीं तो अब एक बार फिर देख लीजिए। यह सिर्फ धमकी नहीं बल्कि हकीकत है। मेरी लोकेशन पाकिस्तान में दिखेगी लेकिन काम मुंबई में होगा। हमारे पास कोई जगह नहीं है। स्थान दूसरे देश जैसा दिखेगा।

उल्लेखनीय है कि मुंबई में 26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान के 10 आतंकवादियों ने आतंकी हमला किया था। इस हमले में पुलिस ने अपने जान की बाजी लगाकर अजमल कसाब को जिंदा पकड़ लिया था ,शेष 9 आतंकी पुलिस की गोली का निशाना बने थे। अजमल कसाब को भी ट्रायल के बाद फांसी दे दी गई थी। इस हमले में 174 निर्दोष लोगों की मौत हुई थी और 300 से अधिक घायल हुए थे। मृतकों में 20 वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और पुलिसकर्मी भी शामिल थे। पाकिस्तान से आए मैसेज से मुंबईवासियों की चिंता बढ़ गई है।

Similar Posts