< Back
Lead Story
पंजाब सरकार के 10 मंत्रियों ने ली शपथ, एक महिला मंत्री
Lead Story

पंजाब सरकार के 10 मंत्रियों ने ली शपथ, एक महिला मंत्री

स्वदेश डेस्क
|
19 March 2022 12:39 PM IST

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को अपनी पहली कैबिनेट का गठन कर लिया। पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने राजभवन में आयोजित समारोह में सभी नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। 117 सदस्यों वाली पंजाब विधानसभा में मुख्यमंत्री के अलावा 17 मंत्री बनाए जा सकते हैं। भगवंत मान ने पहले चरण में 10 मंत्री बनाकर सात पद खाली छोड़ दिए हैं। उन्हें आने वाले समय में भरा जाएगा।

आज जिन विधायकों को मंत्री बनाया गया है उनमें दो दूसरी बार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। आठ विधायक पहली बार चुनाव जीते हैं। सभी 10 विधायकों को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलवाई गई है। राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने सबसे पहले दिड़बा के विधायक हरपाल सिंह चीमा को शपथ दिलाई। हरपाल सिंह चीमा पिछले कार्यकाल के दौरान विधानसभा में विपक्ष के नेता रहे हैं।

इसके बाद मलौट से विधायक बनीं डाक्टर बलजीत कौर, जंडियाला विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरभजन सिंह ईटीओ, मानसा के विधायक डाक्टर विजय सिंगला, भोआ के विधायक लाल चंद कट्टारूचक्क, बरनाला के विधायक गुरमीत सिंह मीत हेयर, अजनाला के विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल, पट्टी के विधायक लालजीत सिंह भुल्लर, होशियारपुर से विधायक ब्रह्म शंकर जिंपा तथा आनंदपुर साहिब से विधायक हरजोत बैंस को शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री भगवंत मान, हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय के अलावा नए मंत्रियों के पारिवारिक सदस्यों के अलावा भगवंत मान के बेटा व बेटी भी प्रथम पंक्ति में अतिथियों के रूप में मौजूद रहे।

Similar Posts