< Back
Lead Story
सोनम वांगचुक समेत 130 लोग पुलिस हिरासत में, राहुल गांधी बोले - यह चक्रव्यूह भी टूटेगा

सोनम वांगचुक समेत 130 लोग पुलिस हिरासत में

Lead Story

Sonam Wangchuk: सोनम वांगचुक समेत 130 लोग पुलिस हिरासत में, राहुल गांधी बोले - यह चक्रव्यूह भी टूटेगा

Gurjeet Kaur
|
1 Oct 2024 7:48 AM IST

Sonam Wangchuk Police Custody : नई दिल्ली। लद्दाख के सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक समेत 130 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। सोनम वांगचुक 'दिल्ली चलो अभियान' के तहत हरियाणा बॉर्डर से दिल्ली में प्रवेश कर रहे थे। तभी सिंघु बॉर्डर पर उन्हें रोक दिया गया। सोनम वांगचुक के साथ आए सैकड़ों लोगों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोनम वांगचुक समेत कई लोगों को हिरासत में लिए जाने पर कहा कि, "यह चक्रव्यूह भी टूटेगा।"

सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी पर राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया कि, "पर्यावरण और संवैधानिक अधिकारों के लिए शांतिपूर्वक मार्च कर रहे सोनम वांगचुक जी और सैकड़ों लद्दाखियों को हिरासत में लेना अस्वीकार्य है। लद्दाख के भविष्य के लिए खड़े होने वाले बुजुर्गों को दिल्ली की सीमा पर क्यों हिरासत में लिया जा रहा है? मोदी जी, किसानों की तरह यह चक्रव्यूह भी टूटेगा और आपका अहंकार भी टूटेगा। आपको लद्दाख की आवाज सुननी होगी।"

बता दें कि, सोनम वांगचुक और उनके साथ आए लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर नरेला इंडस्ट्रियल पुलिस स्टेशन लेकर पहुंची है। यहां सभी प्रोटेस्टर्स को रखा गया है। कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए सोनम वांगचुक और उनके साथ आए लोगों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है। इसके अलावा दिल्ली में कई इलाकों में बीएनएस की धारा 163 भी लागू की गई है। इसके तहत पांच से अधिक लोगों का एक स्थान पर एकत्रित होना निषेध है।

देर रात सोनम वांगचुक ने एक्स पर पोस्ट किया। इसमें उन्होंने कहा कि, "मुझे 150 पदयात्रियों के साथ दिल्ली बॉर्डर पर 100 से लेकर कुछ लोग 1000 तक के पुलिस बल द्वारा हिरासत में लिया जा रहा है। हमारा भाग्य अज्ञात है। हम बापू की समाधि की ओर एक बहुत ही शांतिपूर्ण मार्च पर थे... दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में, लोकतंत्र की जननी... जय राम!"

Similar Posts