< Back
Lead Story
पटेल को जिन्ना से जोड़कर कांग्रेस ने किया भ्रम फैलाने का कामः संबित पात्रा
Lead Story

पटेल को जिन्ना से जोड़कर कांग्रेस ने किया भ्रम फैलाने का कामः संबित पात्रा

स्वदेश डेस्क
|
18 Oct 2021 3:02 PM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता तारिक हमीद कर्रा के सरदार पटेल जिन्ना के साथ थे वाले बयान पर भाजपा ने प्रतिक्रिया देते हुए जमकर हमला बोला। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने एक प्रेस वार्ता में कहा की हम सभी जानते हैं कि कांग्रेस केवल एक ही परिवार की पार्टी है। नेहरू - गांधी परिवार की विरासत को किस प्रकार आगे बढ़ाया जाए और चाटूकारिता की पराकाष्ठा किस प्रकार बनाई रखी जाए, यही कांग्रेस का ध्येय है।

उन्होंने कहा की आज अखबारों में छपा है कि 2 दिन पहले हुई CWC की बैठक में कश्मीर को लेकर कुछ सवाल उठे थे। बैठक में कश्मीर को लेकर भ्रम का माहौल बनाया गया। ये भी कहा गया कि जवाहर लाल नेहरु जी ने जम्मू कश्मीर को हिंदुस्तान में इंटीग्रेट किया।ये भी कहा गया कि इस पूरे प्रयोजन में सरदार पटेल जिन्ना से मिले हुए थे और जिन्ना के साथ मिलकर कश्मीर को हिंदुस्तान से अलग रखने की कोशिश पटेल कर रहे थे।

चाटुकारिता की पराकाष्ठा -

आज ये बात स्पष्ट हो गई है कि अपने परिवार की विरासत को ऊपर रखने के लिए नेहरू-गांधी राजवंश को ऊपर रखने के लिए,चाहे सुभाष चंद्र बोस हो, वीर सावरकर हो, सरदार पटेल हो किसी को भी अपमानित करना हो, किसी के नाम पर भ्रम फैलाना हो कांग्रेस पार्टी सब कर सकती है। पात्रा ने कहा देश को अखंड रखने में सरदार पटेल की अहम भूमिका रही और उन्हें कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में विलेन के रुप में पेश किया गया । उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपनी बैठक से न केवल भ्रम फैलाने का काम किया है बल्कि पाप भी किया है।

ये है मामला -

दरअसल, बीते 16 अक्टूबर को हुई सीडब्ल्यूसी की बैठक में तारिक हमीद कर्रा ने कश्मीर को लेकर चर्चा की थी। उन्होंने कहा था कि जवाहर लाल नेहरू ने जम्मू कश्मीर को हिंदुस्तान में इंटीग्रेट करने का काम किया जबकि सरदार पटेल, जिन्ना के साथ मिलकर कश्मीर को पाकिस्तान को सौंपना चाहते थे।

Similar Posts