< Back
Lead Story
भारत कोरोना वैक्सीन के साथ मानवता की सुरक्षा के लिए तैयार : प्रधानमंत्री
Lead Story

भारत कोरोना वैक्सीन के साथ मानवता की सुरक्षा के लिए तैयार : प्रधानमंत्री

स्वदेश डेस्क
|
9 Jan 2021 11:48 AM IST
नईदिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन की शुरुआत की आज दुनिया के कोने-कोने से हमें भले ही इंटरनेट से जोड़ा गया है। लेकिन हम सबका मन हमेशा से मां भारती से जुड़ा है, एक दूसरे के प्रति अपनत्व से जुड़ा है। दुनियाभर से हजारों साथियों ने 'भारत को जानिए' क्विज कॉम्पीटिशन में हिस्सा लिया है।

ये संख्या बताती है कि जड़ से भले दूर हो जाएं, लेकिन नई पीढ़ी का जुड़ाव उतना ही बढ़ रहा है।

बीता साल हम सभी के लिए बहुत चुनौतियों का साल रहा है, लेकिन इन चुनौतियों के बीच विश्वभर में फैले भारतीय मूल के साथियों ने जिस तरह काम किया है, अपना फर्ज निभाया है वो हम सभी के लिए गर्व की बात है। यही तो हमारी मिट्टी के संस्कार हैं। जहां आप रह रहे हैं वहां और भारत में कोविड के खिलाफ लड़ाई में आप सभी ने बड़ा योगदान किया है। पीएम केयर्स में दिया गया आपका योगदान भारत में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत कर रहा है।

भारत ने जो नई व्यवस्थाएं विकसित की हैं, उनकी कोरोना की इस समय में वैश्विक संस्थाओं ने प्रशंसा की है। आधुनिक टेक्नोलॉजी ने गरीब से गरीब को मजबूत करने का जो अभियान आज भारत में चल रहा है उसकी चर्चा विश्व के हर कोने में है, हर स्तर पर है।कोरोना काल में आज भारत दुनिया के सबसे कम मृत्यु दर और सबसे अधिक रिकवरी रेट वाले देशों में है। आज भारत एक नहीं, बल्कि दो मेड इन इंडिया कोरोना वैक्सीन के साथ मानवता की सुरक्षा के लिए तैयार है।

भारत सरकार हर समय, हर पल आपके साथ, आपके लिए खड़ी है। दुनियाभर में कोरोना लॉकडाउन से विदेशों में फंसे 45 लाख से ज्यादा भारतीयों को वंदे भारत मिशन के तहत लाया गया। विदेशों में भारतीय समुदायों को समय पर सही मदद मिले इसके लिए हर संभव प्रयास किए गए।दुनियाभर में भारतीय समुदाय के साथ बेहतर कनेक्टिविटी के लिए रिश्ता नाम का नया पोर्टल शुरु किया गया है। इस पोर्टल से मुश्किल समय में अपने समुदाय से संपर्क करना और उन तक पहुंचना आसान होगा।

Similar Posts