< Back
Lead Story
प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात जीत पर जताया आभार, कहा - मैं जनता जनार्दन के सामने नतमस्तक
Lead Story

प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात जीत पर जताया आभार, कहा - मैं जनता जनार्दन के सामने नतमस्तक

स्वदेश डेस्क
|
8 Dec 2022 7:38 PM IST

नईदिल्ली। गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली ऐतिहासिक जीत के बाद पार्टी में जश्न का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद भाजपा मुख्यालय पहुंचे और कार्यकर्ताओं जीत के लिए बधाई दी। उन्होंने गुजरात की जनता और कार्यकार्ताओं का आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- मैं जनता जनार्दन के सामने नतमस्तक हूं, ये जनादेश अभिभूत करने वाला है। जहां भारतीय जनता पार्टी प्रत्यक्ष नहीं जीती, वहां भाजपा का वोट शेयर आपके स्नेह का साक्षी है।


उन्होंने कहा की मैं गुजरात हिमाचल और दिल्ली की जनता का आभार जताता हूं। आपका प्यार उपचुनावों में भी दिखा। यूपी के रामपुर में भाजपा जीती है। बिहार के चुनावों में भाजपा का प्रदर्शन आने वाले दिनों का प्रदर्शन कर रहा है।भाजपा को मिला जनसमर्थन नए भारत की आकांक्षाओं का प्रतिबिम्ब है।भाजपा को मिला जनसमर्थन भारत के युवाओं की 'युवा सोच' का प्रकटीकरण है।भाजपा को मिला जनसमर्थन गरीब, शोषित, वंचित, आदिवासियों के सशक्तिकरण के लिए मिला समर्थन है।लोगों ने भाजपा को वोट दिया, क्योंकि भाजपा हर सुविधा को प्रत्येक गरीब, मध्यमवर्गीय परिवार तक जल्द से जल्द पहुंचाना चाहती है।लोगों ने भाजपा को वोट दिया, क्योंकि भाजपा देश के हित में बड़े से बड़े और कड़े से कड़े फैसले लेने का दम रखती है।

गुजरात की जनता ने तो रिकॉर्ड तोड़ने में भी रिकॉर्ड कर दिया। गुजरात के इतिहास का सबसे प्रचंड जनादेश भाजपा को देकर प्रदेश के लोगों ने नया इतिहास बना दिया है। जाति, वर्ग, समुदाय और हर तरह के विभाजन से ऊपर उठकर भाजपा को वोट दिया है।युवा तभी वोट देते हैं जब उन्हें भरोसा होता है और सरकार का काम प्रत्यक्ष नजर आता है। आज युवाओं ने जब भाजपा को भारी संख्या में वोट दिया है तो इसके पीछे का संदेश बहुत स्पष्ट है कि युवाओं ने हमारे काम को जांचा, परखा और उस पर भरोसा किया है।गुजरात के नतीजों ने सिद्ध किया है कि सामान्य मानवी में विकसित भारत के लिए कितनी प्रबल आकांक्षा है। संदेश साफ है कि जब देश के सामने कोई चुनौती होती है तो देश की जनता का भरोसा भाजपा पर होता है।

Similar Posts