< Back
Lead Story
पूर्वोत्तर के विकास में असम अग्रणी भूमिका निभा रहा है : प्रधानमंत्री
Lead Story

पूर्वोत्तर के विकास में असम अग्रणी भूमिका निभा रहा है : प्रधानमंत्री

स्वदेश डेस्क
|
7 Feb 2021 4:06 PM IST

शोणितपुर। प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को शोणितपुर जिला के ढेकियाजुली में दो अस्पतालों की आधारशिला रखी और राज्य राजमार्गों और प्रमुख जिला सड़कों के कार्यक्रम 'असम माला' परियोजना लांच की। प्रधानमंत्री का 15 दिनों के अंदर असम का यह दूसरा दौरा है। इससे पहले शिवसागर जिला में 23 जनवरी को पहुंचे थे।

इस मौके पर उपस्थित लाखों की भीड़ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा "ढेकियाजुली एक ऐतिहासिक भूमि और वीरता और गौरव का प्रतीक है। 1942 में असम के स्वतंत्रता सेनानियों ने भारत के गौरव के सम्मान की रक्षा के लिए अपना जीवन लगा दिया। मैं उनको श्रद्धा से नमन करता हूं। मेरा दिल असमिया गर्व से भरा है।" प्रधानमंत्री ने कहा, "मैं उस सुंदरता को देखकर बहुत खुश हूं, जिसके तहत ढेकियाजुली को कल (शनिवार) शाम दीयों को जलाकर सजाया गया था। मैंने उस पर एक ट्वीट भी पोस्ट किया था। मैं आपको इसके लिए सलाम करता हूं।''

हम सब हमेशा से सुनते आए हैं, देखते आये हैं कि देश की पहली सुबह पूर्वोत्तर से होती है। लेकिन सच्चाई ये भी है कि पूर्वोत्तर और असम में विकास की इस सुबह को एक लंबा इंतजार करना पड़ा है ।पूर्वोत्तर के विकास में असम अग्रणी भूमिका निभा रहा है। ऐतिहासिक बोडो समझौते के बाद, बोडो प्रादेशिक परिषद चुनावों ने क्षेत्र में विश्वास और विकास का एक नया अध्याय लिखा है।हिंसा, अभाव, भेदभाव, तनाव, पक्षपात, संघर्ष इन सारी बातों को पीछे छोड़कर अब पूरा नॉर्थ ईस्ट विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और असम इसमें प्रमुख भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा की आज देश को बदनाम करने के लिए साजिश रचने वाले इस स्तर तक पहुंच गए हैं कि भारत की चाय को भी नहीं छोड़ रहे हैं। कुछ दस्तावेज सामने आए हैं, जिनसे खुलासा होता है कि विदेश में बैठी कुछ ताकतें चाय के साथ भारत की जो पहचान जुड़ी है उस पर हमला करने की फिराक में है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना से राज्य में लगभग 1.25 करोड़ लोगों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा, "असम में आयुष्मान भारत योजना से लगभग 1.25 करोड़ लोग लाभान्वित हो रहे हैं। असम के 350 से अधिक अस्पताल इस कार्यक्रम से जुड़े हैं। असम में अटल अमृत अभियान से न केवल गरीबों को बल्कि, अन्य लोगों को भी लाभ मिल रहा है।

Related Tags :
Similar Posts