< Back
Lead Story
आजादी का 75वां वर्ष ऐतिहासिक, गौरवशाली और महत्वपूर्ण : प्रधानमंत्री
Lead Story

आजादी का 75वां वर्ष ऐतिहासिक, गौरवशाली और महत्वपूर्ण : प्रधानमंत्री

स्वदेश डेस्क
|
8 March 2021 4:54 PM IST

नईदिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा की भारत की अब तक की उपलब्धियों में सभी का योगदान सम्मिलित है। इसे स्वीकारने और सराहने का अवसर हमें आजादी की 75वीं वर्षगांठ से जुड़ा उत्सव प्रदान कर रहा है। आजादी का यह अमृत महोत्सव जन-जन का और हर मन का महोत्सव है। इसके जरिए ही अबतक असंभव माने जाने वाले लक्ष्यों को भी पाया जा सकेगा।

मोदी ने कहा कि अमृत महोत्सव ऐसा होना चाहिए जिसमें सनातन भारत के गौरव की झलक और आधुनिक भारत की चमक हो। उन्होंने कहा, "हमें 130 करोड़ देशवासियों को साथ लेकर, उन्हें साथ जोड़कर आज़ादी के 75 साल का ये पर्व मनाना है। जनभागीदारी इस आयोजन की की मूल भावना है। हमारे देश का शायद ही कोई ऐसा स्थान हो, कोई ऐसा कोना हो जहां से किसी न किसी भारत माता के बेटे-बेटी ने अपना बलिदान नहीं दिया हो। उनके बलिदान से जुड़ी कहानियां जब देश के सामने आएँगी तो वो अपने आप में बहुत बड़ी प्रेरणा का स्रोत होने वाला है। आज भारत वो सब कर रहा है, जिसकी कुछ साल पहले तक कल्पना नहीं होती थी।"

उन्होंने कहा कि आजादी की 75वां वर्ष ऐतिहासिक, गौरवशाली है और महत्वपूर्ण है। देश इसे भव्यता और उत्साह के साथ मनाएगा। हमारा सौभाग्य है कि समय ने इस महोत्सव को साकार करने की जिम्मेदारी हमें दी है। जिसमें देश के शहीदों को श्रद्धांजलि भी हो और उनके सपनों का भारत बनाने का संकल्प भी। उन्होंने कहा कि हमें उत्सव आयोजन से जुड़े कार्यक्रमों में स्वतंत्रता संग्राम और 75 वर्षों के बाद नए विचार, उपलब्धियां, प्रयास और संकल्प पांच विषयों को लेकर आगे बढ़ना है।

मोदी ने कहा कि आजादी की लड़ाई में अपना योगदान देने वालों के सपनों को साकार करने के लिए वर्तमान सरकार कार्यरत है। 'आत्मनिर्भर' भारत इसी की परिणीति है।अगले वर्ष आजादी के 75 वर्ष 15 अगस्त को पूरे होने जा रहे हैं। यह समिति आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की तैयारी के लिए नीतिगत दिशा-निर्देश देगी।

Similar Posts