< Back
Lead Story
PLA ने दी जानकारी , अरुणाचल से लापता हुए 5 भारतीय युवक चीन में : किरेन रिजिजू
Lead Story

PLA ने दी जानकारी , अरुणाचल से लापता हुए 5 भारतीय युवक चीन में : किरेन रिजिजू

Swadesh Digital
|
8 Sept 2020 6:53 PM IST

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि चीनी सेना ने इस बात की पुष्टि की है कि अरुणाचल प्रदेश से लापता 5 युवक उनके पास हैं। उन्होंने मंगलवार को ट्वीट के जरिए यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि चीनी सेना पीएलए ने भारतीय सेना की ओर से हॉटलाइन पर भेजे गए संदेश का जवाब दिया है। उन्होंने पुष्टि की है कि लापता युवक उनके इलाके में पाए गए हैं। युवकों को भारत को सौंपने के लिए प्रक्रियाओं को पूरा किया जा रहा है।

गौरतलब है कि अरुणाचल प्रदेश के कांग्रेस विधायक निनॉन्ग एरिंग ने पिछले दिनों दावा किया था कि चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती इलाके से पांच भारतीयों को कथित रूप से अगवा कर लिया है। एरिंग ने पीएमओ को टैग कर अपने ट्वीट में दावा किया कि अरुणाचल प्रदेश के सुबनसिरी जिले के पांच लोगों को अगवा किया गया है। उन्होंने भारत सरकार से तुरंत कार्रवाई की मांग की थी।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी अरुणाचल प्रदेश के 5 निवासियों को लेकर चिंता जाहिर करते हुए कहा था कि भारतीय सेना ने रविवार को अपने PLA समकक्ष को हॉटलाइन संदेश भेजा था। हालांकि, एक दिन पहले ही चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता से जब यह सवाल किया गया तो उन्होंने कहा था कि इस संबंध में उनके पास बताने के लिए कुछ नहीं है।

Similar Posts