< Back
Lead Story
निकाय चुनाव : मप्र में शाम 5 बजे तक 61 फीसदी मतदान, ग्वालियर में कांग्रेस विधायक पर पथराव
Lead Story

निकाय चुनाव : मप्र में शाम 5 बजे तक 61 फीसदी मतदान, ग्वालियर में कांग्रेस विधायक पर पथराव

स्वदेश डेस्क
|
6 July 2022 2:00 PM IST

भोपाल। मध्यप्रदेश में नगर सरकार चुने जाने के लिए आज पहले चरण का मतदान खतम हो गया। 11 नगर निगम, 36 नगर पालिका और 86 नगर परिषद के लिए शाम 5 बजे तक 61 फीसदी वोट पड़े। आगर-मालवा जिले में सबसे ज्यादा 88% और भोपाल में सबसे कम 43.8% मतदान हुआ। इसके अलावा ग्वालियर में 74.80 %, इंदौर में 76%, जबलपुर में 76.10% मतदान हुआ। वोट डालने वालों में महिलाओं की तुलना में पुरुषों की संख्या अधिक रही। प्रदेश में 59.10 % महिलाओं ने, 63.20% पुरुषों ने और 34.60% अन्य मतदाताओं ने वोट डाले।

इस दौरान प्रदेश के कई जिलों से छिटपुट विवादों की खबरे भी सामने आई। ग्वालियर में डबरा नगर पालिका के एक मतदान केंद्र पर कांग्रेस विधायक सुरेश राजे राजे की कार पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। जिसमें विधायक का एक साथी घायल हो गया। ये घटना वार्ड क्रमांक 11 के मतदान केंद्र के बाहर की है। राजे ने इस पथराव के लिए दूसरे दलों के नेताओं को जिम्मेदार ठहराया है। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर समेत कई बड़े दिग्गज नेताओं और सभी महपौर प्रत्याशी ने यहाँ मतदान किया।

महिला की मौत -

वहीँ दमोह में मतदान केन्द्र पर पहुंची एक 90 साल की बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मतदान के दौरान महिला को चक्कर आया और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गई। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

राज्य निर्वाचन आयुक्त बसंत प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम चरण में 44 जिलों में 11 नगर निगम, 36 नगरपालिका परिषद और 86 नगर परिषदों के लिए मतदान हो रहा है। इसके लिए कुल 13 हजार 148 मतदान केन्द्र बनाये गए हैं। इनमें से 3296 मतदान केन्द्र संवेदनशील हैं। मतदान दलों में लगभग 79 हजार कर्मचारी-अधिकारियों की ड्यूटी लगायी गई है। लगभग 27 हजार पुलिस बल तैनात किया गया है।

नगरीय निकायों का मतदान ईवीएम से कराया जा रहा है। मतदान शुरू होने से पहले सभी केन्द्रों पर सुबह 6.00 बजे से उम्मीदवारों और उनके प्रतिनिधियों की मौजूदगी में माकपोल किया गया। इसके बाद सुबह 7.00 बजे वोटिंग शुरू की गई। मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त बसंत प्रताप सिंह ने मतदाता निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

Similar Posts