< Back
Lead Story
लखीमपुर में पोस्टर बना चर्चा का विषय, अर्बन कोपरेटिव बैंक ने MLA योगेश वर्मा को बताया संरक्षक...

लखीमपुर में पोस्टर बना चर्चा का विषय, अर्बन कोपरेटिव बैंक ने MLA योगेश वर्मा को बताया संरक्षक

Lead Story

UP News: लखीमपुर में पोस्टर बना चर्चा का विषय, अर्बन कोपरेटिव बैंक ने MLA योगेश वर्मा को बताया संरक्षक...

Gurjeet Kaur
|
14 Oct 2024 10:01 AM IST

उत्तरप्रदेश। लखीमपुर खीरी में विधायक योगेश वर्मा का प्रकरण ख़त्म होने का नाम नहीं ले रहा। बीते दिनों करणी सेना ने विधायक योगेश वर्मा को पीटने वाले वकील अवधेश सिंह का सम्मान किया था आज जिले में लगा एक पोस्टर चर्चा का विषय बन गया है। यह पोस्टर अर्बन बैक शेयर होल्डर्स वेलफ़ेयर एसोसिएशन द्वारा लगाया गया है। बैंक शेयर होल्डर्स वेलफ़ेयर एसोसिएशन ने सदर विधायक योगेश वर्मा को संरक्षक लिखकर दीपावली और अन्य त्योहार की बधाई दी है। योगेश वर्मा की बीते दिनों अवधेश सिंह ने पिटाई कर दी थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ था।

अर्बन कोऑपरेटिव बैंक चुनाव के लिए पर्चे भरने के दौरान भाजपा विधायक योगेश वर्मा को निर्वतमान अध्यक्ष पुष्पा सिंह के पति एवं लखीमपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश सिंह ने पीट दिया था। इसके बाद हंगामा हो गया। इसका एक वीडियो भी वायरल हो गया था। विधायक योगेश वर्मा को थप्पड़ लगने के बाद दोनों गुटों के बीच पुलिस ने बीच-बचाव किया था। इसी दौरान दूसरे गुट से कुछ लोगों ने विधायक को फिर से पीट दिया था।

विधायक को पुलिस किसी तरह उनसे बचाकर अलग ले गई थी। विधायक योगेश वर्मा का आरोप था कि, पुष्पा सिंह के पति अवधेश सिंह आदि ने मिलकर चुनाव की लिस्ट ही फड़वा दी। उन्होंने पूरे मामले की जांच की मांग उठाई। उधर, अवधेश सिंह और पुष्पा सिंह का कहना था कि विधायक दबंगई दिखा रहे हैं। कहा कि अगर चुनाव में कोई गड़बड़ी हो रही तो आरओ से शिकायत करें। विधायक न तो मेम्बर हैं न डेलीगेट। फिर किस हैसियत से आए। आरोप गलत है। विधायक खुद अराजकतत्वों को लेकर चुनाव में बवाल कराने डेढ़ दो सौ समर्थकों संग आए थे। उन्होंने विधायक पर शराब पीने का भी आरोप लगाया।

अब अर्बन बैक शेयर होल्डर्स वेलफ़ेयर एसोसिएशन ने विधायक योगेश वर्मा को संरक्षक बता दिया है। इस तरह इस मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। आगे क्या - क्या नए घटनाक्रम हो सकते हैं यह देखने लायक होगा।

बीते दिनों करणी सेना ने वकील अवधेश सिंह का सम्मान कर दिया था। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इस वीडियो के आने के बाद विधायक योगेश वर्मा खेमे में नाराजगी बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर योगेश वर्मा के समर्थक सवाल उठा रहे हैं। कह रहे हैं विधायक को पीटने वाले को पुलिस ढूंढ नहीं पा रही है। न कोई मुकदमा लिखा गया, न ही कोई कार्रवाई। इधर, व्यापार मंडल ने सोमवार को बंदी का ऐलान कर दिया है। विधायक थप्पड़ कांड और व्यापारी नेता राजू अग्रवाल पर हुए हमले को लेकर व्यापारी भी थाने में तहरीर दे चुके हैं। जिला उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष ने प्रेस नोट रिलीज कर कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई और बंदी की घोषणा की है।

Similar Posts