< Back
Lead Story
हरदोई का अग्रवाल परिवार से रिश्ता दूध-चीनी सा: नितिन की मेजबानी के कार्यकर्ता सम्मान समारोह में बोले केशव…
Lead Story

हरदोई का अग्रवाल परिवार से रिश्ता दूध-चीनी सा': नितिन की मेजबानी के कार्यकर्ता सम्मान समारोह में बोले केशव…

Deepika Pal
|
11 Jan 2025 11:31 PM IST

हरदोई। आबकारी एवं मद्य निषेध राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)/सदर विधायक नितिन अग्रवाल की मेजबानी वाले कार्यकर्ता सम्मान समारोह में सूबे के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अग्रवाल परिवार का महात्म्य स्थापित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। बोले, देख रहा हूं, हरदोई का अग्रवाल परिवार से प्यार, दुलार, स्नेह, एकदम दूध में चीनी घुले, एकदम वैसा। कहा, नरेश अग्रवाल को देश में जाना जाता है। पहले ये कार्यक्रम 5 को प्रस्तावित था, पर मेरे दिल्ली होने पर 11 कर दी गई।

डिप्टी सीएम मौर्य ने कहा, अग्रवाल परिवार की भांति कार्यकर्ताओं को हम भी महत्व देते हैं। हम कार्यकर्ता पहले हैं, उप मुख्यमंत्री बाद में। बोले, नरेश अग्रवाल सही कह रहे थे, 17 में हरदोई सदर सीट बची रह गई थी। अब नितिन साथ हैं। केशव ने अपनी राजनीतिक यात्रा का जिक्र किया। बोले, 2012 में विधायक, 14 में सांसद, फिर प्रदेश अध्यक्ष बना। अग्रवाल परिवार को तभी साथ आना चाहिए था। अब वह भाजपा परिवार में हैं और पार्टी उनका सम्मान हर हाल में बनाए रखेगी।

नितिन की विधायी जानकारी की प्रशंसा करते कहा, विपक्ष में रहते उनके सवाल हमारे मंत्रियों को परेशान करते थे। इसीलिए तब खुशी हुई जब नरेश के साथ नितिन हमारे दल से जुड़ गए। बोले, नितिन कह रहे थे उनका विरोध होता, तो विरोध ताकतवर का होता है। विरोधियों की चिंता किए बगैर पार्टी के निर्धारित लक्ष्य पर काम करें। हरदोई के सर्वांगीण विकास, युवाओं और महिलाओं के उन्नयन को काम करें।

डिप्टी सीएम बोले, 7 कालिदास मार्ग का दरवाजा कार्यकर्ता के लिए सदा खुला है। अफसरों को भी खुले मंच से कहता हूं, कार्यकर्ता की कोई नहीं सुने उसे बर्दाश्त नहीं करता। नितिन से कहा, कार्यकर्ता का अपमान अस्वीकार्य, राजनीति में यही भाव होना चाहिए। इसी भाव से 17 से अब तक डबल इंजन की सरकार है। सपा बसपा की अदला बदली का फैशन था। पर, 17 में ऐसा कमल खिला, क्रम निरंतर है।

22 में सपा अहंकार के आकाश पर थी, माफिया भय का माहौल बनाए थे, पर कार्यकर्ता ने अहंकार चकनाचूर कर दिया। 24 में गुमराह करने की कोशिश की। पर बाबा साहेब के हम पुजारी हैं, विपक्ष ने उनका केवल अपमान किया। चलते चलते बोले, मैं और नितिन कार्यकर्ता पहले, जिम्मेदारी आती रहती, ऐसे कमल खिलाते रहें ताकि लक्ष्मी आती रहे, विकास होता रहे। इससे पहले नरेश अग्रवाल ने मीटिंग को संबोधित किया।

Similar Posts