< Back
Lead Story
मप्र में सत्ता परिवर्तन की अटकलों पर लगा विराम
Lead Story

मप्र में सत्ता परिवर्तन की अटकलों पर लगा विराम

स्वदेश डेस्क
|
7 Jun 2021 2:50 PM IST

भोपाल। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों पर गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने विराम लगा दिया है। उन्होंने सोमवार को मीडिया से चर्चा के दौरान इन खबरों को फेक न्यूज बताया और कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हमारे मुख्यमंत्री थे, हैं और रहेंगे।

प्रदेश में भाजपा संगठन और आरएसएस पदाधिकारियों का एक-दूसरे से मुलाकातों का दौर चल रहा था। इसे लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे थे। इसकी शुरुआत कुछ दिन पहले भाजपा के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा से अचानक मुलाकात करने के बाद शुरू हुई। इसके बाद विजयवर्गीय ने सांसद और केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल से भी दिल्ली में मुलाकात की। इन मुलाकातों के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा ने भी गृहमंत्री से बंद कमरे में मुलाकात की। जिसके बाद बीडी शर्मा और संगठन के अन्य पदाधिकारी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी मुलाकात करने पहुंचे। नेताओं की मुलाकात का दौर भोपाल से लेकर दिल्ली तक चला।

अटकलों पर विराम -

सोशल मीडिया में चल रही इन अटकलों को भाजपा संगठन से जुड़े लोगों ने असत्य बताया था। अब गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के बयान ने सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रही खबरें फेक हैं। मिश्रा ने कहा कि वाट्सएप ऐसी यूनिवर्सिटी है, जिसका वाइस चांसलर बनने के लिए डिग्री की जरूरत नहीं है, जो खबरें वायरल हो रही हैं, वह फर्जी हैं। इधर, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने भी प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के नेतृत्व में ही चलेगा। उन्होंने खुद को सीएम की दौड़ से बाहर बताते हुए कहा कि मैं अभी कहीं और लगा हूं।

Related Tags :
Similar Posts