
Heavy Rain Alert
Heavy Rain Alert: मुंबई के बाद अब पुणे में भारी बारिश का अलर्ट, पीएम मोदी का दौरा कैंसिल
|Pune Heavy Rain Alert : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का महाराष्ट्र के पुणे का दौरा शहर में भारी बारिश की स्थिति के कारण रद्द कर दिया गया। मुंबई के बाद पुणे में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग द्वारा तेज बारिश की संभावना जताई गई थी। भारी बारिश के कारण कई स्कूल - कॉलेज की छुट्टियां भी सरकार ने घोषित की थी। प्रधानमंत्री मोदी पुणे के दौरे पर आने वाले थे लेकिन भारी बारिश के कारण अब यह दौरा कैंसिल कर दिया गया है।
आईएमडी के निदेशक सुनील कांबले ने बताया कि, "कल (26 सितंबर) दोपहर तक मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था। लेकिन मानसून तेज होने के साथ हमने आज (27 सितंबर) सुबह 8:30 बजे तक रेड अलर्ट जारी किया। जैसे ही हमने रेड अलर्ट जारी किया, हमने देखा कि 200 मिमी से अधिक आज मुंबई के इलाकों में बारिश दर्ज की गई है, आज से कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और अगले 5-6 दिनों में ग्रीन और येलो अलर्ट जारी किया जाएगा। इसके बाद मॉनसून में बारिश कम हो जाएगी और संभावना है कि 5 अक्टूबर तक मॉनसून वापस चला जाए।
बता दें कि, महाराष्ट्र में बीती रात जमकर बारिश हुई थी। बारिश के कारण निचले इलाके में जलभराव की स्थिति बन गई थी। कई क्षेत्रों में बस सेवा भी प्रभावित थी। तेज बारिश के कारण कई फ्लाइट्स को डायवर्ट भी करना पड़ा था। अब जानकारी सामने आई है कि, स्थिति समान्य है लेकिन पुणे में भारी बारिश का अलर्ट है।