< Back
Lead Story
हाथरस में मरने वालों की संख्या पहुंची 17, सीएम, पीएम और राष्ट्रपति के अलावा इन दिग्गजों ने जताया दुख
Lead Story

Hathras Accident: हाथरस में मरने वालों की संख्या पहुंची 17, सीएम, पीएम और राष्ट्रपति के अलावा इन दिग्गजों ने जताया दुख

Jagdeesh Kumar
|
7 Sept 2024 9:44 AM IST

आगरा-हाथरस मार्ग पर बीती शाम भीषण सड़क हादसा हो गया जहां एक रोड बेज बस और टाटा एस वाहन की आमने सामने टक्कर हो गई।

आगरा-हाथरस मार्ग पर बीती शाम भीषण सड़क हादसा हो गया जहां एक रोड बेज बस और टाटा एस वाहन की आमने सामने टक्कर हो गई जिसमें अब तक मरने वालों की संख्या 17 के करीब पहुंच चुकी है। वहीं, 16 घायल हैं जिनमें से आठ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिन्हें इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। बाकियों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। इस हादसे को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ पीएम नरेंद्र मोदी के अलावा राष्ट्रपति द्रोपति मुर्मू सहित कई लोगों ने दुख व्यक्त किया है।

कहां और कैसे हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार हादसा आगरा-हाथरस मार्ग में बना थाना चंदपा क्षेत्र में हुआ। यहां के नगला भुस बाईपास कपूरा चौराहे के पास ये हादसा हुआ। टाटा एस वाहन (छोटा हाथी) के ड्राइवर ने गलत तरीके से बस को ओवरटेक करना चाहा जिसमें यह हादसा हुआ। मरने वालों में 16 आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के गांव सेमरा के रहने वाले थे, जबकि एक फिरोजाबाद जनपद का निवासी था। ये सभी मुकुंदखेड़ा गांव से चालीसवां खाकर वापस आ रहे थे।

पीएम मोदी ने राहत राशि देने की घोषणा

पीएम नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) की ओर से मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने ट्वीट कर लिखा "उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। इसमें जिन्होंने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करे। इसके साथ ही मैं हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की निगरानी में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।"

सीएम योगी ने जताया दुख

इस हादसे को लेकर सीएम योगी ने एक्स पर दुख जताते हुए लिखा कि "जनपद हाथरस में एक सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने हेतु निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।"

राष्ट्रपति मुर्मू ने व्यक्त किया शोक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हाथरस सड़क हादसे शोक जताया है उन्होंने पर एक्स पर कहा "उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में हुई सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। अपने स्वजनों को खोने वाले शोक संतप्त परिवारों के प्रति मैं गहन संवेदना व्यक्त करती हूं तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने सरकार से की ये मांग

वहीं कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा "उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए भीषण सड़क हादसे में बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोकसंतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य-लाभ की प्रार्थना। राज्य सरकार से मेरी अपील है कि पीड़ितों को तत्काल इलाज मिले और प्रभावित परिवारों को समुचित मुआवजा दिया जाए।"

Similar Posts