< Back
Lead Story
विनेश फोगाट ने कांग्रेस में शामिल होते ही केंद्र सरकार पर लगाया गंभीर आरोप, कितनी है सच्चाई
Lead Story

मेडल पर राजनीति: विनेश फोगाट ने कांग्रेस में शामिल होते ही केंद्र सरकार पर लगाया गंभीर आरोप, कितनी है सच्चाई

Deeksha Mehra
|
8 Sept 2024 9:35 PM IST

हरियाणा की रेसलर विनेश फोगाट ने कांग्रेस ज्वाइन करते ही केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए है। उन्होंने हरियाणा के जींद में पत्रकारों से बात की है। इस दौरान उन्होंने पेरिस ओलिंपिक में 100 ग्राम बढ़े वजन से मेडल से चूकने के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि BJP वालों (केंद्र सरकार) ने ओलिंपिक मेडल को मेरा मेडल समझा। मेरी कोई मदद नहीं की गई। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि मेडल को लेकर उनके पास कानूनी विकल्प था, यह उन्हें भारतीय डेलिगेशन नहीं, बल्कि उनके फ्रेंड ने बताया था।

ओलंपिक में हुए 100 ग्राम के खेल पर बोली

विनेश ने कहा कि जब हम विरोध प्रदर्शन में थे, तब एक दोस्त जो अंतरराष्ट्रीय खेलों में है, उसने मुझसे संपर्क किया और बताया कि खेलों में कानूनी विकल्प उपलब्ध हैं। भारतीय प्रतिनिधिमंडल के लोग कोई मदद नहीं कर रहे थे और वे सब बाद में आए। मैंने खुद केस दायर किया और उनके वकील भी बाद में आए।

मिल सकता था मेडल

विनेश ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि कुछ विदेशी खिलाड़ियों ने कहा कि अगर सही तरीके से लड़ाई लड़ी जाती तो मेडल मिल सकता था। लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि यह मुद्दा इतनी व्यक्तिगत ईगो का विषय बन गया कि मेडल मेरा नहीं, बल्कि देश का था। अगर देश चाहता, तो मेडल ला सकता था। सभी को पता है कि कौन इसे लाने में विफल रहा। विनेश ने आगे कहा कि भाजपा वाले सोच रहे हैं कि यह सब उनके खिलाफ था। इसलिए उन्होंने मुझसे बदला लेने के लिए इतना कुछ किया और मुझे कोई मदद नहीं मिली।

विनेश का चुनाव लड़ने का फैसला कांग्रेस का

विनेश फोगाट ने कांग्रेस में शामिल होकर चुनाव लड़ने के बारे में कहा कि बजरंग पुनिया के साथ चुनाव लड़ने पर कोई चर्चा नहीं हुई थी। हमने यह कांग्रेस पार्टी पर छोड़ दिया था और उन्होंने निर्णय ले लिया। बजरंग को ऑल इंडिया किसान कांग्रेस का वर्किंग चेयरमैन बनाया गया है, जो हमारे दिल के करीब है। मुझे लगता है कि बजरंग के पास मुझसे ज्यादा जिम्मेदारी है।

बृजभूषण को थप्पड़ मारने का भी समय आएगा

पूर्व कुश्ती संघ अध्यक्ष बृजभूषण के छेड़छाड़ मामले में थप्पड़ न मारने के सवाल पर विनेश ने कहा कि यही हमारी गलती रह गई। भगवान ने पहले इतनी हिम्मत नहीं दी थी, वरना बहुत सारी लड़कियां बच जातीं। थप्पड़ मारने का समय भी आएगा। वह अभी क्यों डर रहा है और इतनी बौखलाहट क्यों दिखा रहा है? बृजभूषण के एक दिन में डबल ट्रायल के आरोपों पर विनेश ने कहा कि यह सब नियमों के तहत हुआ। अगर मैं इतनी शक्तिशाली होती, तो बृजभूषण को जेल में डाल देती।

Similar Posts