< Back
Lead Story
कांग्रेस ने उत्तराखंड में जारी की तीसरी सूची, हरीश रावत लालकुआं से लड़ेंगे चुनाव
Lead Story

कांग्रेस ने उत्तराखंड में जारी की तीसरी सूची, हरीश रावत लालकुआं से लड़ेंगे चुनाव

स्वदेश डेस्क
|
27 Jan 2022 12:25 PM IST

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने दस और उम्मीदवारों की अपनी तीसरी सूची जारी कर दी है। कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को रामनगर से हटाकर लालकुआं से उम्मीदवार घोषित किया है। हरीश रावत की बेटी को हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है। इस सूची में भी हरक सिंह रावत का नाम नहीं शामिल हैं।

बुधवार देर रात कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मुकुल वासनिक ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए तीसरी सूची में दस नामों की घोषणा की है। कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का चुनाव क्षेत्र बदल दिया गया है। हरीश रावत अब लालकुआं विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री और चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष हरीश को पहले रामनगर से उम्मीदवार बनाया गया था लेकिन विरोध को देखते हुए बदलाव किया गया है। रामनगर विधानसभा क्षेत्र से अब महेन्द्र पाल सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।

कांग्रेस ने आज ही भाजपा से कांग्रेस में शामिल होने वाले ओम गोपाल रावत को नरेन्द्र नगर से टिकट दिया है। इसके साथ ही डोईवाला में पहले मोहित उनियाल को उम्मीदवार बनाया गया था अब उनके स्थान पर गौरव चौधरी और ज्वालापुर से बरखा रानी को बदलकर रवि बहादुर को टिकट दी गई है। इसके अलावा हरिद्वार ग्रामीण से हरीश रावत की पुत्री अनुपमा रावत, रुड़की से यशपाल राणा, चौबट्टाखाल से केशर सिंह नेगी, स्लट से रणजीत रावत और कालाढूंगी से पहले घोषित महेन्द्र पाल सिंह के स्थान पर अब महेश शर्मा को उम्मीदवार बनाया गया है।

कांग्रेस ने अपनी दूसरी में सूची में हरीश रावत को रामनगर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया था। इस सूची में कांग्रेस ने पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत की पुत्रवधू अनुकृति रावत को गढ़वाल जिले की लैंसडाउन विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था। तीसरी सूची में पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत का नाम न होने से अभी उनकी उम्मीदवारी को लेकर रहस्य बना हुआ है। हरक सिंह रावत को 16 जनवरी को भाजपा सरकार के मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने के साथ ही उन्हें पार्टी से भी निष्कासित कर दिया गया था। इसके बाद हरक सिंह रावत और अनुकृति 22 जनवरी को कांग्रेस में शामिल हुए थे।

Similar Posts