< Back
Lead Story
मणिपुर वायरल वीडियो मामले में पांचवां आरोपी गिरफ्तार, महिलाओं ने प्रदर्शन किया, पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे
Lead Story

मणिपुर वायरल वीडियो मामले में पांचवां आरोपी गिरफ्तार, महिलाओं ने प्रदर्शन किया, पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे

स्वदेश डेस्क
|
22 July 2023 3:00 PM IST

मणिपुर में दो महिलाओं के यौन उत्पीड़न के विरोध में शनिवार को इंफाल में महिलाओं ने जबरदस्त प्रदर्शन किया।

इंफाल। मणिपुर में दो महिलाओं के साथ हुई बर्बरता के पांचवें आरोपी को आज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की उम्र 19 वर्ष बताई जा रही है , इससे पहले पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जिन्हें पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। इसी बीच आज राज्य की राजधानी इंफाल में नागा समुदाय की महिलाओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने वायरल वीडियो में दिख रहे सभी आरोपितों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को आश्वासन देने की जगह अश्रु गैस के गोले दागे।

मणिपुर में दो महिलाओं के यौन उत्पीड़न के विरोध में शनिवार को इंफाल में महिलाओं ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। इन्हें तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मणिपुर की राजधानी इंफाल के घारी इलाके में आज सुबह सैकड़ों महिलाएं कार के टायर जलाकर और सड़क अवरुद्ध करके हिंसक विरोध प्रदर्शन कर रही थीं। सुबह करीब 9 बजे स्थिति उस समय अराजक हो गई, जब महिलाओं ने सड़क के दोनों तरफ जाम लगा दिया और सरकार के खिलाफ अभद्र नारे लगाए। स्थिति नियंत्रण से बाहर होने पर पुलिस ने रैपिड एक्शन फोर्स और सेना के साथ त्वरित कार्रवाई की।

खबरों के मुताबिक जब सुरक्षाकर्मियों ने टायर में लगी आग को बुझाने की कोशिश की, तो प्रदर्शनकारी महिलाएं हिंसक हो गईं। तब स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। संबंधित इलाकों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेना निकटवर्ती संवेदनशील इलाकों में फ्लैगमार्च कर रही है।

Similar Posts