< Back
देश
ताउते का असर : मुंबई में भारी बारिश से निचले इलाकों में भरा पानी, रायगढ़ में 447 घर गिरे
देश

ताउते का असर : मुंबई में भारी बारिश से निचले इलाकों में भरा पानी, रायगढ़ में 447 घर गिरे

स्वदेश डेस्क
|
17 May 2021 12:20 PM IST

4 मछुआरे लापता

मुंबई। चक्रवाती तूफान ताउते की वजह से सोमवार की सुबह से मुंबई एवं आसपास के तटीय जिलों में हो रही मूसलाधार बारिश से कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया है। मुंबई के वर्ली कोलीवाड़ा, मिलन सब-वे, भारत माता, किंगसर्कल आदि इलाकों में गटर के ढक्कन हटा दिए गए हैं। बारिश के साथ चल रही तेज हवाओं से सैकड़ों पेड़ उखड़ गए हैं। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) की महापौर किशोरी पेडणेकर ने जलभराव के इलाकों का दौरा कर अधिकारियों को सतर्क रहने का आदेश दिया है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मौजूदा हालात और उसके लिए की गई तैयारियों की जानकारी ली।

महाराष्ट्र के पर्यटन एवं पर्यावरण मंत्री और मुंबई शहर के प्रभारी मंत्री आदित्य ठाकरे ने बीएमसी कार्यालय में बने कंट्रोल रूम में जाकर स्थिति का जायजा लिया। आदित्य ठाकरे ने पत्रकारों को बताया कि मुंबई में बहुत ही कम समय में अधिक बारिश हुई है। इसे देखते हुए निचले इलाकों में हुए जलभराव की निकासी का इंतजाम किया गया है। बहुत जल्द स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

4 मछुआरे लापता -

ताउते तूफान अभी भी मुंबई से 120-140 किलोमीटर दूर है, लेकिन इसकी वजह से मुंबई, ठाणे, पालघर जिले में 120 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं। तेज हवा की वजह से मंत्रालय परिसर में भी पेड़ गिर गया था और मध्य रेलवे की ओव्हरहेड वायर भी टूट गया था। इसी तरह मंबई के कई इलाकों में तेज हवा चलने से सैकड़ों पेड़ गिर गए हैं। मालाड के मढ़ इलाके में समुद्र में नौका डूब गई। यहां एक मछुआरे की मौत हो गई है और 4 मछुआरे लापता हो गए हैं। बॉम्बे हाई ऑयल फील्ड के पास एक छोटे जहाज पर कुल 273 लोग फंसे हुए थे, जबकि एक दूसरे जहाज पर 137 लोग फंसे हुए थे। इन लोगों को बचाने का प्रयास जारी है। तूफान की वजह से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को सोमवार सुबह 11 बजे से अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। वर्ली-बांद्रा सीलिंक रोड और मोनोरेल बंद कर दिया गया है।

रायगढ़ में 447 घर गिरे -

ताउते तूफान रायगढ़ जिले से मुंबई की दिशा की ओर अग्रसर हो गया है। रायगढ़ जिले में तोकते तूफान की वजह से 447 घर गिर गए हैं और सैकड़ों घरों का आंशिक नुकसान हुआ है। उरन इलाके में भाजी मार्केट में पेड़ गिरने से एक महिला की मौत की खबर मिली है। रविवार को रायगढ़ में स्थित एक घर पर पेड़ गिर जाने से दो सगी बहनों की मौत हो गई थी। रायगढ़ जिले की जिलाधिकारी ने यहां राहत व बचाव कार्य तेज कर दिया है। रायगढ़ जिले की पालकमंत्री अदिति तटकरे ने भी यहां तूफान से गिरे पेड़ों को तत्काल हटाए जाने व स्थलांतरित लोगों को हर तरह की सुविधा उपलब्ध करवाए जाने का निर्देश प्रशासन को दिया है।



Similar Posts