< Back
Lead Story
लोकसभा में कांग्रेस ने दिया स्थगन प्रस्ताव,  पहले किसान मुद्दों पर चर्चा की मांग
Lead Story

लोकसभा में कांग्रेस ने दिया स्थगन प्रस्ताव, पहले किसान मुद्दों पर चर्चा की मांग

स्वदेश डेस्क
|
2 Feb 2021 1:00 PM IST

नईदिल्ली। लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कृषि सुधार कानून और किसान आंदोलन के मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव दिया है। उन्होंने अपने स्थगन प्रस्ताव में कहा कि सदन की कार्यवाही को स्थगित कर पहले किसान आंदोलन और कृषि सुधार कानूनों पर चर्चा कराई जाए।

चौधरी ने मंगलवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है। उन्होंने नोटिस में सदन की कार्यवाही स्थगित कर केंद्र सरकार द्वारा पिछले मानसून सत्र में पारित कृषि सुधार कानूनों और उसको लेकर चल रहे किसान आंदोलन के मुद्दे पर चर्चा की मांग की है। कांग्रेस के प्रमुख सचेतक कोड्डीकुन्नील सुरेश ने भी लोकसभा अध्यक्ष को स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है। सुरेश ने भी कृषि सुधार कानूनों के मुद्दे पर सदन की कार्यवाही स्थगित कर चर्चा की मांग की है।

उधर राज्यसभा किसान और कृषि कानूनों के मुद्दे पर ही सदन की कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्थगित हो गई है। सुबह नौ बजे उच्च सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, वाम दल समेत अन्य कई विपक्षी दलों के नेताओं ने कृषि सुधार कानूनों के मुद्दे पर चर्चा की मांग की। सभापति एम. वेंकैया नायडू ने उन्हें इस मुद्दे को बुधवार को उठाने की सलाह दी। इसके बावजूद विपक्षी दल ने उनकी सलाह को अनसुना कर शून्यकाल की कार्यवाही से वॉकआउट कर दिया। इसके बाद उपसभापति ने कार्यवाही को अगले दिन तक स्थगित कर दिया।

Similar Posts