< Back
Lead Story
Bihar Hooch Tragedy

Bihar Hooch Tragedy

Lead Story

Bihar Hooch Tragedy: CM नीतीश कुमार ने जहरीली शराब कांड पर बुलाई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए जांच के आदेश

Gurjeet Kaur
|
17 Oct 2024 1:22 PM IST

Bihar Hooch Tragedy : बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने सीवान और सारण जिले में कल हुई जहरीली शराब कांड की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। समीक्षा के बाद सीएम ने मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के सचिव को मौके पर जाकर पूरी स्थिति की जानकारी जुटाने और सभी बिंदुओं पर गहन जांच करने का निर्देश दिए हैं। बिहार के सीवान में अब तक 20 लोगों की मौत हो गई है। कई अन्य लोग इस समय क्रिटिकल हालत में हैं।

समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री ने मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के सचिव को निर्देश दिया कि, वे घटनास्थल पर जाकर पूरी स्थिति की जानकारी लेकर सभी बिन्दुओं पर सघन जांच करें। मुख्यमंत्री ने एडीजी (प्रोहिबिशन) की पूरी टीम को घटनास्थल पर जाकर उसकी सघन जांच कर इस कांड में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिया कि, पूरे घटनाक्रम की अपने स्तर से लगातार मॉनीटरिंग करते रहें और इस घटना के लिये जो भी दोषी हों उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के लोगों से अपील करते हुए यह भी कहा कि, शराब पीना बुरी बात है, यह लोगों को समझना चाहिये। शराब पीने से न सिर्फ स्वास्थ्य खराब होता है बल्कि परिवार और समाज में अशांति का माहौल भी उत्पन्न होता है। राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू है। इसका सभी लोग पालन कर रहे हैं। कुछ असमाजिक तत्व समाज में अशांति पैदा करना चाहते हैं, उनसे लोग सतर्क रहें।

सारण एसपी कुमार आशीष ने कहा कि, "यह स्प्रिट इंडस्ट्रियल स्प्रिट बताई जा रही है और हम इसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रहे हैं...अवैध शराब के कारण 5 लोगों की मौत की खबर है। बीट पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। एसएचओ और अन्य कर्मियों से पूछताछ की गई है। अगर उनके जवाब असंतोषजनक पाए गए तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसआईटी का गठन किया गया है। पिछले 24 घंटे में हमने 250 छापेमारी की है, जिसमें हमने जिले में 1650 लीटर शराब बरामद की है...अब तक 37 लोगों को गिरफ्तार किया गया है...8 ज्ञात और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।"

Similar Posts